Hindi News / मुंगेर में ED की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की निवेश धोखाधड़ी मामले में छापेमारी

BIG NEWS : मुंगेर में ED की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की निवेश धोखाधड़ी मामले में छापेमारी

Edited By:  |
big news big news

मुंगेर: बड़ी खबर बिहार के मुंगेर से है जहां जिले के जमालपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने करोड़ों रुपये की कथित निवेश धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई की है. गुरुवार सुबह ईडी की टीम ने जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव के नया टोला फूलका स्थित आवास पर छापेमारी की. तड़के पहुंचे अधिकारियों ने घर की गहन तलाशी ली और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की.

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई निवेशकों से करोड़ों रुपये जुटाकर धोखाधड़ी करने के आरोपों से जुड़े मामले में की गई है. ईडी की टीम वित्तीय लेनदेन, निवेश से संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, मामले के अन्य आरोपितों जयधन तांती और प्रिया राजीव रंजन से भी पूछताछ की जा रही है.

बताया जाता है कि जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड पर चिटफंड जैसी योजना के जरिए लोगों से निवेश कराकर करोड़ों रुपये जुटाने और बाद में फरार होने का आरोप है.18नवंबर2024को कंपनी के कार्यालय पर ताला लगने के बाद बड़ी संख्या में निवेशकों ने जमालपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. इस आधार पर कांड संख्या224/24दर्ज हुआ था.

पुलिस जांच शुरू होने के बाद कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव फरार हो गए थे. बाद में उन्होंने मुंगेर न्यायालय में आत्मसमर्पण किया और तब से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं.

अब ईडी इस मामले में धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है. माना जा रहा है कि जांच के दौरान कई अहम वित्तीय दस्तावेज और लेनदेन से जुड़े नए तथ्य सामने आ सकते हैं. ईडी की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और निवेशकों को जांच के नतीजों का इंतजार है.

संजय कुमार की रिपोर्ट-