BIHAR NEWS : TRE-4 के विज्ञापन के लिए गांधी मैदान में प्रदर्शन, 10 अप्रैल से आमरण अनशन करेंगे छात्र नेता दिलीप कुमार
पटना : बीपीएससी टीआरई-4 की वैकेंसी नहीं आने से लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों में नाराजगी है. छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को टीआरई-4 के अभ्यर्थियों ने बैठक कर प्रदर्शन किया.
छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि टीआरई-4 के लाखों अभ्यर्थी दो वर्षों से वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं. बीपीएससी कैलेंडर के अनुसार 24 अगस्त 2024 को ही टीआरई-4 की परीक्षा होनी थी लेकिन अभी तक विज्ञापन नहीं आया है. पिछले एक वर्ष से शिक्षा मंत्री के द्वारा कहा गया कि 10-15 दिनों में वैकेंसी आ जाएगी. चुनाव से पहले और चुनाव के दौरान भी कहा गया कि टीआरई-4 का विज्ञापन जल्द जारी होगा.
बीपीएससी ने फरवरी के द्वितीय सप्ताह में एक नोटिस जारी किया जिसमें यह कहा गया था कि अधियाचना मिल चुकी है और शीघ्र ही टीआरई 4 का विज्ञापन जारी किया जाएगा. लेकिन अब 55 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी विज्ञापन जारी नहीं किया गया है. छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि बार-बार टीआरई-4 अभ्यर्थियों को गुमराह किया गया. विज्ञापन के इंतजार में हजारों अभ्यर्थियों की उम्र समाप्त होती जा रही है. छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि 18 मार्च के आंदोलन के दौरान छात्र प्रतिनिमंडल से वार्ता में बीपीएससी के अधिकारियों ने कहा था कि अधियाचना को शिक्षा विभाग ने वापस ले लिया है और 20 मार्च की बैठक के बाद जैसे ही अधियाचना आती है वैसे ही चार दिनों बाद टीआरई 4 का विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा और मार्च अंत तक विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा.
छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि एक तरफ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी समृद्धि यात्रा के दौरान लगातार टीआरई 4 की वैकेंसी की बात कर रहे थे लेकिन दूसरी तरफ बीपीएससी अधियाचना मिलने के बावजूद भी विज्ञापन जारी नहीं कर रही है. शिक्षा विभाग और बीपीएससी द्वारा लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हो रहा है. एक तरह से तो बीपीएससी द्वारा मुख्यमंत्री जी की छवि को धूमिल किया जा रहा है. मुख्यमंत्री जी का सम्मान करते हुए बीपीएससी को टीआरई 4 का विज्ञापन जारी करना चाहिए.
छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि अब 10 अप्रैल से आमरण अनशन करेंगे. प्रदर्शन में छात्र नेता दिलीप कुमार के साथ टीआरई-4 के अभ्यर्थी अंशु, बबली , प्रीति , श्वेता , प्रियंका, अर्चना, मधुबाला, अभीश्री, परवीन, साहबाज आलम, दीपक पांडेय , राजेश , शंकर सुमन, रविरंजन, लव कश्यप, कमलेश , दीपक , भूपेश सहित सैकड़ों अभ्यर्थी उपस्थित थे.





