BIG NEWS : फर्जी IAS बनकर पति-पत्नी ने रचा ठगी का खेल, ठेके दिलाने के नाम पर 34 लाख हड़पे, गिरफ्तार
मधेपुरा : बिहार के मधेपुरा जिले से ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति-पत्नी ने खुद को उच्च अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाया और लाखों रुपये की ठगी कर ली. इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
जानकारी के मुताबिक,आरोपी सन्नी कुमार राय अपनी पत्नी श्रद्धांजली देवी को आईएएस अधिकारी बताता था,जबकि खुद वर्दी पहनकर उसका बॉडीगार्ड बनता था. दोनों एक लग्जरी गाड़ी में घूमते थे,जिस पर‘प्रधान सचिव’का फर्जी बोर्ड लगा होता था. उनके इस रौब और दिखावे के कारण लोग आसानी से उनके झांसे में आ जाते थे.
पीड़ित नारायण यादव ने बताया कि वर्ष 2025 में सिंहेश्वर में आयोजित एक सत्संग कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात इस दंपति से हुई थी. बातचीत के दौरान जब आरोपियों को पता चला कि वह ठेकेदारी का काम करता है,तो उन्होंने सरकारी ठेके दिलाने का भरोसा दिया. इसके बाद अलग-अलग बहानों से करीब 34.74 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए.
जब लंबे समय तक कोई ठेका नहीं मिला,तो पीड़ित को शक हुआ और उसने अपने पैसे वापस मांगे. आरोप है कि इस पर दंपति ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट कर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए.
पीड़ित की शिकायत पर मधेपुरा सदर थाना में मामला दर्ज किया गया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया,जिसने जांच के दौरान पाया कि आरोपी पहले भी ठगी के मामलों में शामिल रह चुके हैं. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को पटना से गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से फर्जी नंबर प्लेट लगी कार और लूटा गया मोबाइल भी बरामद किया गया है.
फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है.
संजय कुमार की रिपोर्ट--





