BIHAR NEWS : रोहतास में अफवाहों पर पुलिस की सख्ती, 600 सोशल मीडिया पोस्ट हटाए गए
पटना: रोहतास की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है. पुलिस मुख्यालय के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक विद्वेष फैलाने वाले कई पोस्ट हटाए गए हैं और करीब600पोस्ट टेकडाउन कराए गए हैं. ऐसे पोस्ट करने वालों को पुलिस की ओर से चिह्नित किया जा रहा है.
पुलिस मुख्यालय ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाह फैलाने वालों के बहकावे में नहीं आएं. सोशल मीडिया पर किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भड़काऊ,भ्रामक और विभाजनकारी पोस्ट के जरिए लोगों के बीच भ्रम पैदा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस मामले में रोहतास साइबर थाना कांड संख्या40/26,दिनांक11अगस्त2026को दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार मामले में एक आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
गौरतलब है कि5अगस्त को दिनारा थाना क्षेत्र में चंदेश्वर चौधरी की हत्या के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी थी. आक्रोशित लोगों ने आरोपी अजीत तिवारी के घर,ट्रैक्टर और हार्वेस्टर में आग लगा दी थी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची,जहां कुछ असामाजिक तत्वों और स्थानीय लोगों की ओर से ईंट-पत्थर से हमला किया गया. इस दौरान8से10पुलिसकर्मी घायल हुए थे.
पुलिस ने हत्या मामले में अजीत तिवारी समेत पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है. अजीत तिवारी और उसके पुत्र को घटना के पांच घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया.
अब पुलिस का विशेष फोकस सोशल मीडिया पर है. अफवाह,भड़काऊ और सामाजिक विद्वेष फैलाने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





