BIHAR NEWS : पटना के गांधी मैदान से सम्राट चौधरी का बड़ा अल्टीमेटम, 30 दिन में आदेश नहीं तो 31वें दिन अधिकारी होंगे निलंबित
पटना:राजधानी के गांधी मैदान सेSamrat Choudhary ने प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर बड़ा और सख्त संदेश दिया है. उन्होंने साफ कहा कि अब जनता के आवेदनों को लंबित रखने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी. सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि वह खुद कल सोनपुर की एक पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में मौजूद रहेंगे और वहां लोगों की समस्याओं तथा अधिकारियों की कार्यशैली की समीक्षा करेंगे.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सहयोग शिविर में आने वाले हर आवेदन पर तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई करना अनिवार्य होगा. नए निर्देश के मुताबिक किसी भी आवेदन पर 10 दिनों के भीतर पहला नोटिस जारी करना होगा. इसके बाद 25 दिनों के अंदर दूसरा नोटिस देना जरूरी होगा. वहीं 30 दिनों के भीतर संबंधित मामले में कोई न कोई अंतरिम आदेश जारी करना अनिवार्य कर दिया गया है.
सम्राट चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अधिकारी तय समय के भीतर कार्रवाई नहीं करते हैं तो 31वें दिन उन्हें स्वतः निलंबित माना जाएगा. इतना ही नहीं, निलंबन आदेश सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी किया जाएगा. इस सख्त घोषणा के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सरकार अब प्रशासन को पूरी तरह जवाबदेह बनाने की दिशा में काम कर रही है. राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में सम्राट चौधरी के इस बयान को बड़े प्रशासनिक सुधार और अधिकारियों के लिए कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





