पूर्णिया में विदेश भेजने के नाम पर युवाओं का शोषण : रुपए मांगने पहुंचे युवक को मिली धमकी और मारपीट
पूर्णिया शहर में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि यह कथित ठगी शहर के बीचों-बीच गिरजा चौक स्थित हाउसिंग बोर्ड मोहल्ले में खुलेआम संचालित होने का आरोप लगाया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, डीएस वीजा सर्विस प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी युवाओं को दुबई समेत कई देशों में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर उनसे मोटी रकम वसूल रही है।
ठगी का शिकार बने चिमनी बाजार निवासी मो. अजहर ने बताया कि उन्होंने फेसबुक पर विदेश में नौकरी से जुड़ा एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के माध्यम से वह गिरजा चौक स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें दुबई में अच्छी सैलरी वाली नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया। इसके बदले कंपनी संचालकों ने उनसे 95 हजार रुपये की मांग की। पीड़ित के अनुसार, उसने 50 हजार रुपये एडवांस के तौर पर जमा भी कर दिए।
मो. अजहर का आरोप है कि कंपनी ने 8 दिनों के भीतर दुबई भेजने का वादा किया था, लेकिन पिछले चार महीनों से लगातार उन्हें टालमटोल किया जा रहा है। कभी वीजा प्रोसेसिंग तो कभी फ्लाइट की बात कहकर रोजाना नई तारीख दी जा रही है।पीड़ित का कहना है कि उसके जैसे कई अन्य युवक भी इस कथित ठगी के शिकार हुए हैं और अपने पैसे व पासपोर्ट वापस पाने के लिए परेशान घूम रहे हैं।
मामला तब और गंभीर हो गया जब मो. अजहर अपने पैसे वापस मांगने कंपनी के कार्यालय पहुंचे। उनका आरोप है कि वहां कंपनी संचालकों ने बाउंसर बुलाकर उनके साथ मारपीट करवाई। इतना ही नहीं, उनके पास मौजूद नकदी भी छीन ली गई।घटना के बाद पीड़ित ने के.हाट थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मामले के सामने आने के बाद शहर में विदेश भेजने के नाम पर चल रहे ऐसे कारोबारों पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
पूर्णिया से जे पी मिश्रा की रिपोर्ट





