Hindi News / बिहार में सड़क और पुल निर्माण की गुणवत्ता पर सीएम सख्त, समीक्षा बैठक...

BIHAR NEWS : बिहार में सड़क और पुल निर्माण की गुणवत्ता पर सीएम सख्त, समीक्षा बैठक में दिए कई अहम निर्देश

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना स्थित संकल्प सभागार में गुरुवार को पथ निर्माण विभाग के साथ उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक कर राज्य में चल रही सड़क और पुल परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की. बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरा किया जाए और निर्माण की गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जाए.

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के अधीन आने वाली सभी सड़कों और पुलों के गुणवत्तापूर्ण रखरखाव पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि केवल नई परियोजनाओं का निर्माण ही पर्याप्त नहीं है,बल्कि पहले से मौजूद सड़क और पुलों की बेहतर देखभाल भी उतनी ही जरूरी है. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और आवश्यक मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क एवं पुल परियोजनाओं के लिए वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति प्रभावित न हो,इसके लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी. अधिकारियों को परियोजनाओं के लिए आवश्यक संसाधनों की समय पर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने सभी पुलों का नियमित निरीक्षण और सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पुलों की संरचनात्मक मजबूती और सुरक्षा मानकों की समय-समय पर जांच आवश्यक है ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके. अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने का भी निर्देश दिया गया.

बैठक में मुंगेर (साफियाबाद)–बरियारपुर–घोरघट–सुल्तानगंज–भागलपुर–सबौर4लेन गंगा पथ परियोजना की भी समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (HAM)के तहत आगे बढ़ाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. माना जा रहा है कि इस परियोजना के पूरा होने से भागलपुर और मुंगेर क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा तथा क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि बिहार सरकार सुरक्षित,सुदृढ़ और आधुनिक सड़क अवसंरचना के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क और पुल निर्माण से जुड़े सभी कार्यों में पारदर्शिता,गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए,ताकि राज्य के लोगों को बेहतर और सुरक्षित परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--