रांची पुलिस की बड़ी सफलता : आपराधिक वारदात होने से पहले नाकाम,तीन अपराधियों को दबोचा
रांची:रांची पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात को होने से पहले ही नाकाम कर दिया है. पुलिस ने किसी बड़ी घटना को अंजम देने से पहले तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं. पुलिस का दावा है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें दबोच लिया गया.
तलाशी के दौरान कार सवार तीन युवक गिरफ्तार
रांची पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कार को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार में सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में सुमित उर्फ लेवेंडर, राकेश और एक अन्य युवक शामिल हैं. पुलिस ने इनके कब्जे से एक लोडेड देसी पिस्टल, मैगजीन और बेसबॉल बैट बरामद किया है. बरामद हथियारों और सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
सक्रिय अपराधियों पर लगातार निगरानी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सुमित उर्फ लेवेंडर और राकेश का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है. दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं. पुलिस अब इनके नेटवर्क और संभावित आपराधिक योजनाओं की भी जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित बड़ी आपराधिक घटना टल गई है. साथ ही शहर में सक्रिय अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अपराध नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा.





