Hindi News / सीएम सम्राट ने लोकसेवक आवास में ग्रामीण कार्य विभाग के साथ की हाई...

BIHAR NEWS : सीएम सम्राट ने लोकसेवक आवास में ग्रामीण कार्य विभाग के साथ की हाई लेवल मीटिंग, दिए आवश्यक निर्देश

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को लोकसेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में ग्रामीण कार्य विभाग के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में राज्य की ग्रामीण सड़क एवं पुल अवसंरचना से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क और पुल निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाए तथा सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए.

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व से निर्मित ग्रामीण सड़कों के नियमित अनुश्रवण और आवश्यकतानुसार उनके सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संपर्क व्यवस्था राज्य के समग्र विकास की आधारशिला है,इसलिए पुरानी सड़कों के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए.

बैठक में बढ़ते यातायात और आम लोगों की जरूरतों को देखते हुए कई ग्रामीण सड़कों के चौड़ीकरण का भी निर्देश दिया गया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जहां आवश्यकता हो,वहां सड़क चौड़ीकरण की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए ताकि लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके.

इसके अलावा महत्वपूर्ण और जन-उपयोगी नए पथों,पुलों तथा पहुंच पथों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. मुख्यमंत्री ने नई सड़क परियोजनाओं की प्राथमिकता तय कर उनके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने पर बल दिया.

बैठक में यह भी कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत होने से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा,किसानों,छात्रों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा समावेशी विकास को गति मिलेगी. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जाए. सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक और मजबूत सड़क अवसंरचना विकसित कर लोगों को बेहतर संपर्क और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-