Hindi News / महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध एवं बेरोजगारी के खिलाफ भाकपा का गांव गांव पदयात्रा शुरू

BIHAR NEWS : महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध एवं बेरोजगारी के खिलाफ भाकपा का गांव गांव पदयात्रा शुरू

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना:भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत बिहार के सभी 38 जिलों में 06 अगस्त 2026 से महँगाई,भ्रष्टाचार,अपराध,बेरोजगारी के खिलाफ गांव गांव पदयात्रा शुरू हो गई. यह पदयात्रा 15 अगस्त तक चलेगी. इस दौरान संविधान और लोकतंत्र को बचाने तथा राज्य और केंद्र की सत्ता से भाजपा को हटाने का संकल्प लिया जायेगा. पद यात्रा के दौरान जन समस्या को एकत्रित कर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी. पदयात्रा में पार्टी के सभी नेता भाग ले रहे हैं. राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने मधुबनी जिले के धकजरी में शामिल हुए. पदयात्रा को आमलोगों का व्यापक जन समर्थन मिल रहा है.

भाकपा राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने कहा कि पदयात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है. पहले दिन पूरे राज्य में तीन सौ से ज्यादा जत्था निकला और हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. सभाएं आयोजित की गई. राज्य और केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों से जनता परेशान है.

केन्द्र की भाजपा नेतृत्व वाली मोदी सरकार की कारपोरेट परस्त नीतियों तथा महंगाई से आम जनता त्रस्त है. बेरोजगारी तथा गलत शिक्षा नीति से छात्र और युवा परेशान हैं. आर.एस.एस और भाजपा सरकार की साम्प्रदायिक विभाजनकारी नीतियों से हमारा समाज लहूलुहान हो रहा है. विभिन्न संवैधानिक संस्थाओं तथा एजेन्सियों को ध्वस्त कर उसे क्षुद्र राजनीतिक स्वार्थ पूर्ति का औजार बना दिया गया है, जिसके चलते लोकतंत्र तथा न्यायतंत्र खोखला हो रहा है. कृषि के कारपोरेटीकरण से खेती-किसानी संकट में है. श्रमिकों के हक और अधिकार को छिना जा रहा है. महिला आरक्षण को ठंडे बस्ते में डालकर महिला अधिकार को पीछे ढकेला जा रहा है. चुनाव प्रक्रियाओं में हेराफेरी कर वयस्क मताधिकार पर कुठाराघात किया जा रहा है. सूबे बिहार में भाजपा सरकार की नई सेटेलाईट टाउनशीप योजना के जरिए किसानों-गरीबों की करीब 1.60 लाख एकड़ जमीन छिनकर कारपोरेट घरानों को तोहफा देने का षड्यंत्र किया जा रहा है. बिहार के किसान-मजदूर तथा बेरोजगार युवा वर्षों से स्थायी बन चुके बाढ़-सुखाड़ से त्रस्त होकर उद्योगविहीन राज्य बिहार से पलायन करने को मजबूर है. भूमिहीनों तथा फुटपाथ पर जीवन-बसर करने वाले गरीबों, छोटे व्यवसायियों को बिना कोई वैकल्पिक व्यवस्था किए जबरन उजाड़ा जा रहा है. ऐसी परिस्थिति में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने 06 अगस्त से 15 अगस्त, 2026 तक राष्ट्रव्यापी पदयात्रा का कार्यक्रम आयोजित किया है.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट-