Hindi News / बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन समय पर देने का सख्त आदेश, आंगनबाड़ी निगरानी...

BIHAR NEWS : बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन समय पर देने का सख्त आदेश, आंगनबाड़ी निगरानी और कल्याण योजनाओं के विस्तार पर जोर

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना :बिहार में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समाज कल्याण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए. बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन,आंगनबाड़ी सेवाओं,कुपोषण नियंत्रण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई.

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राज्य के सभी पात्र लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि प्रत्येक महीने की 10 तारीख तक हर हाल में उनके बैंक खातों में भेजी जाए. उन्होंने कहा कि पेंशन भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा.

बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने तकनीकी माध्यमों से केंद्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही सेविका,सहायिका और बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया ताकि बच्चों और महिलाओं को मिलने वाली सेवाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंच सके.

मुख्यमंत्री ने राज्य में कुपोषण और स्टंटिंग की समस्या को गंभीर चुनौती बताते हुए इसमें सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों से जमीनी स्तर पर बेहतर कार्ययोजना तैयार कर परिणाम आधारित कार्रवाई करने को कहा.

समीक्षा बैठक में परवरिश योजना सहित विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं के दायरे को और व्यापक बनाने पर भी जोर दिया गया. इसके अलावा विभाग में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए ताकि योजनाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए.

मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों के विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR)के तहत सहयोग की संभावनाएं तलाशने का भी सुझाव दिया. उन्होंने सभी योजनाओं के पारदर्शी,जवाबदेह और समयबद्ध क्रियान्वयन को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-