Hindi News / बिहार में राजस्व विभाग का बड़ा एक्शन, 10 अंचलाधिकारी बदले गए, रिश्वतखोरी में...

BIHAR NEWS : बिहार में राजस्व विभाग का बड़ा एक्शन, 10 अंचलाधिकारी बदले गए, रिश्वतखोरी में फंसे CO निलंबित हुए

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: बिहार सरकार ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए10अंचलाधिकारियों (CO)का तबादला कर दिया है. इसके साथ ही रोहतास के अंचलाधिकारी आकाश कुमार रौनियार को रिश्वतखोरी के मामले में निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा उन्हें तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किए जाने के बाद की गई है.

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने बताया कि आकाश कुमार रौनियार को गिरफ्तारी की तिथि से ही निलंबित माना गया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सारण प्रमंडल आयुक्त कार्यालय निर्धारित किया गया है. जेल से रिहा होने के बाद उन्हें वहीं योगदान देना होगा.

विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार कुमार हर्ष को विद्यापतिनगर,सीमा रंजन को गोरौल,खुशबू गौतम को सासाराम सदर,पल्लवी कुमारी को बेतिया सदर,प्रीति कुमारी को कदवा,वर्षा रानी को बेनीपुर तथा गरिमा को पुरनहिया का अंचलाधिकारी बनाया गया है. वहीं कदवा के अंचलाधिकारी मयंक आशुतोष आनंद,बेनीपुर के अश्वनी कुमार और बेतिया सदर के उमाशंकर को पदस्थापन की प्रतीक्षा में मुख्यालय बुला लिया गया है.

इसी बीच रतनी फरीदपुर की अंचलाधिकारी नुजहत से जुड़े एक वायरल वीडियो ने भी विभाग की चिंता बढ़ा दी है. मंत्री ने बताया कि वीडियो में डोंगल के दुरुपयोग,कथित अनियमित तरीके से जमाबंदी कायम करने और लेन-देन से जुड़े आरोप दिखाई दे रहे हैं. मामले की जांच के लिए जहानाबाद के जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक विशेष टीम गठित की गई है.

सरकार की इस कार्रवाई को राजस्व विभाग में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार पर सख्ती के बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है. आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट के आधार पर और भी कदम उठाए जा सकते हैं.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-