Hindi News / बिहार में बड़े पैमाने पर होगी शिमला मिर्च और स्वीट कॉर्न की खेती,...

BIHAR NEWS : बिहार में बड़े पैमाने पर होगी शिमला मिर्च और स्वीट कॉर्न की खेती, सहकारिता विभाग ने की बड़ी पहल

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूर्ण होने पर 29 जून से 6 जुलाई तक राज्य में सहकारिता सप्ताह का आयोजन किया गया. इसी कड़ी में 6 जुलाई को सहकारिता सप्ताह के समापन के अवसर पर शास्त्री नगर स्थित दीपनारायण सिंह क्षेत्रीय सहकारी प्रबंध संस्थान, पटना में राज्य की प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों (पीवीसीएस) को सशक्त करने और उनकी आय में वृद्धि के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. माना जा रहा है कि सहकारिता की मदद से राज्य में सब्जी उत्पादक किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने और सब्जी उत्पादन में बिहार को पहचान दिलाने में मदद मिलेगी.

"हर थाली में बिहारी तरकारी" के मूल मंत्र को साकार करने के उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन सहकारिता विभाग के अंतर्गत बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड (वेजफेड) द्वारा किया गया था. इस दौरान पीवीसीएस के अध्यक्षों एवं प्रगतिशील किसानों को शिमला मिर्च एवं स्वीट कॉर्न की क्लस्टर फार्मिंग के लिए प्रशिक्षण दिया गया. साथ ही, वेजफेड के अंतर्गत किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकें अपनाने, गुणवत्तापूर्ण बीज और पौधे उपलब्ध कराने सहित प्रसंस्करण एवं विपणन की बेहतर सुविधाएं प्रदान करने से संबंधित जानकारी दी गई. विभाग का मानना है कि इससे राज्य के किसानों की मेहनत, लगन, राज्य की मिट्टी की उर्वरता और बिहार सरकार की दूरदर्शी सोच का समुचित उपयोग हो सकेगा.

इस कार्यशाला में पीवीसीएस को क्रियाशील करने के लिए उन्हें कार्यशील पूंजी एवं सब्जियों के परिवहन के लिए वाहन उपलब्ध कराने की बात कही गई. साथ ही,कार्यशाला में आए सब्जी संघों के अध्यक्ष,मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी,पीवीसीएस के अध्यक्षएवं प्रगतिशील किसानों को इससे जुड़ी जानकारी भी दी गई. वर्तमान में राज्य के सब्ज़ी उत्पादक किसानों को पीवीसीएस एवं सब्जी संघों के माध्यम से,संस्थागत खरीदारों जैसे होटल,रिटेल श्रृंखलाएं,प्रसंस्करण इकाइयों से सीधे जोड़कर उनके उत्पाद के लिए विपणन की व्यवस्था की जा रही है,जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सके.

वर्तमान में पीवीसीएस के माध्यम से किसानों द्वारा उत्पादित सब्जियों का क्रय कर संघ द्वारा संस्थागत तरीके से हिंदुस्तान यूनिलीवर एवं मदर डेयरी जैसी कंपनियों को सीधी आपूर्ति की जा रही है. साथ ही हरित सब्जी संघ,पटना द्वारा नया सचिवालय (विकास भवन) में कार्यरत कर्मियों एवं पदाधिकारियों की मांग के आधार पर सब्जियों की आपूर्ति के लिए'फार्म टू डेस्क'मॉडल शुरू किया गया है. जिसके अंतर्गत सीधे किसानों से ताजी सब्जी क्रय कर कर्मियों/पदाधिकारियों के कार्यालय कक्ष में उनके डेस्क तक पहुंचाई जाती है.

कार्यशाला में विभाग के अपर सचिव अभय कुमार सिंह,वेजफेड के प्रबंध निदेशक डॉ. गगन,संयुक्त सचिव कामेश्वर ठाकुर,आलोक पाण्डेय,प्रतिनिधि एईईई,डॉ. संगीता कुमारी,कृषि वैज्ञानिक सबौर,डॉ. अविनाश झा,कृषि वैज्ञानिक सबौर,माधवेन्द्र कुमार ठाकुर,कृषि विशेषज्ञ,सभी सब्जी संघों के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी,पीवीसीएस के प्रतिनिधि सहित कई अन्य उपस्थित थे.