पूर्णिया दौरे पर मंत्री लेसी सिंह : सहयोग शिविर में आम लोगों की समस्याओं से हुई अवगत,अधिकारियों को सख्त निर्देश
पूर्णिया: जिले के धमदाहा विधानसभा क्षेत्र के कृत्यानंदनगर, मीरगंज, नगर पंचायत धमदाहा एवं नीरपुर में आयोजित सहयोग शिविर में मंत्री लेसी सिंह ने लोगों की समस्यायों से अवगत हुई. मंत्री ने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के अंदर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की 30 दिनों के अंदर निष्पादन के निर्देश
मंत्री लेसी सिंह ने शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य सरकार और प्रशासन को सीधे गांव-गांव तक पहुंचाना है,ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर ना लगाने पड़े. उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की 30 दिनों के अंदर सुनवाई और निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. मंत्री ने कहा कि यदि किसी मामले का समय पर समाधान नहीं होता है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश परसहयोग शिविर में मिल रहा लाभ
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर राज्यभर में प्रत्येक माह के दूसरे, तीसरे एवं चौथे मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं,ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान भी हो सके.
मंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया निरीक्षण
शिविर के दौरान मंत्री लेसी सिंह एवं जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने मीरगंज एवं धमदाहा नगर पंचायत और नीरपुर पंचायत के कसमरा गांव में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों का बारीकी से अवलोकन कर उनके निष्पादन की प्रगति की जानकारी ली और लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया.





