BIHAR NEWS : मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के नवीकृत कार्यालय का किया उद्घाटन
पटना : श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने बुधवार को बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के नवीकृत कार्यालय का उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद मंत्री ने आयोग की कार्यप्रणाली की समीक्षा की. उन्होंने बाल श्रमिकों के संरक्षण, पुनर्वास और कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी. बाल श्रम उन्मूलन और बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताया. आयोग को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने पर जोर दिया.
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाल श्रम उन्मूलन को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चला रही है.आयोग की ओर से समय-समय पर विभिन्न जिलों का दौरा कर समीक्षा की जाती है तथा बाल श्रम से संबंधित मामलों की निगरानी की जाती है.उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है और राज्य में बाल श्रम के मामलों में काफी कमी आई है.
मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने बताया कि बाल श्रम के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है. इसके तहत आगामी तीन महीनों के भीतर राज्य के प्रत्येक प्रखंड की तीन-तीन पंचायतों को बाल श्रम मुक्त पंचायत घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि इस योजना की औपचारिक शुरुआत बहुत जल्द की जाएगी और इसके लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जा रही है.
पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट--





