झरिया में दंपति की मेहनत ने लाया रंग : BPSC एग्जाम में मिली बड़ी सफलता,पति बने BPRO और पत्नी बनीं DSP
झरिया: शहर के एक दंपति ने मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प की ऐसी मिसाल पेश की है, जो आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है. शादी के अगले दिन बीपीएससी की परीक्षा देने वाले विकास कुमार सिंह और कोमल कुमारी सिंह ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है. पति का चयन बीपीआरओ और पत्नी का चयन डीएसपी पद पर हुआ है.
झरिया के चौथाई कुल्ही, भालगोड़ा निवासी विकास कुमार सिंह और उनकी पत्नी कोमल कुमारी सिंह ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है.विकास को 1058वीं रैंक के साथ बीपीआरओ पद मिला है, जबकि कोमल ने 489वीं रैंक हासिल कर डीएसपी बनने का सपना पूरा किया है.
इस सफलता की सबसे खास बात यह है कि दोनों अपनी शादी के अगले दिन ही बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा दी थी. जहां लोग शादी के बाद उत्सव में व्यस्त रहते हैं,वहीं यह दंपति अपने भविष्य को संवारने के लिए परीक्षा केंद्र पहुंचे थे. उस दिन लिया गया फैसला आज उनकी जिंदगी की बड़ी उपलब्धि बन गया है.
बेगूसराय की रहने वाली कोमल पहले राजस्व कर्मचारी थीं. प्रशासनिक सेवा में जाने के लक्ष्य के लिए उन्होंने नौकरी छोड़कर पूरी तरह तैयारी की. उनकी मेहनत रंग लाई और दूसरे प्रयास में उन्होंने डीएसपी पद हासिल कर लिया.
विकास अपनी सफलता का श्रेय परिवार को देते हैं। उनका कहना है कि बड़े भाई और परिवार के सहयोग ने उन्हें हर परिस्थिति में आगे बढ़ने का हौसला दिया. परिवार के छोटे भाई राहुल कुमार सिंह भी रेलवे में स्टेशन मास्टर हैं.
विकास और कोमल की सफलता यह साबित करती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदार हो और परिवार का साथ मिले, तो कोई भी लक्ष्य को पूरा करना असंभव नहीं होता. झरिया का यह परिवार आज युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन गया है.





