Hindi News / बंगाल की 3 बच्चियां इंस्टा फ्रेंड से मिलने बिना बताए पहुंची बिहार, RPF...

BIHAR NEWS : बंगाल की 3 बच्चियां इंस्टा फ्रेंड से मिलने बिना बताए पहुंची बिहार, RPF ने पटना जंक्शन पर किया रेस्क्यू

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना : सोशल मीडिया पर बनी एक अनजान दोस्ती तीन किशोरियों के लिए बड़ी मुसीबत का कारण बन सकती थी. पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के रानीगंज की रहने वाली तीन छात्राएं इंस्टाग्राम पर बनी एक लड़की से मिलने के लिए अपने परिजनों को बिना बताए ट्रेन से पटना पहुंच गईं. हालांकि,पटना जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की सतर्कता के कारण समय रहते तीनों को सुरक्षित बचा लिया गया और उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया.

जानकारी के अनुसार,तीनों किशोरियां आपस में गहरी सहेलियां हैं और उनका घर भी आसपास है. कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के जरिए उनकी दोस्ती पटना की रहने वाली एक लड़की से हुई थी. बातचीत बढ़ने के बाद उस लड़की ने उन्हें पटना आने का निमंत्रण दिया. इसके बाद तीनों छात्राएं बिना किसी को जानकारी दिए घर से निकल पड़ीं और ट्रेन से पटना पहुंच गईं.

पटना जंक्शन पर पहुंचने के बाद वे अपनी ऑनलाइन दोस्त की तलाश में भटक रही थीं. इसी दौरान उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने उन्हें रोककर पूछताछ की. पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने तत्काल उनके परिजनों से संपर्क किया और उन्हें पटना बुलाया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों किशोरियों को सुरक्षित उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया.

रेल पुलिस का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती,तो तीनों किसी बड़ी घटना या साइबर ठगी अथवा अन्य अपराध का शिकार हो सकती थीं. पुलिस ने इस घटना को सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का गंभीर उदाहरण बताते हुए अभिभावकों से बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की है. साथ ही किशोरों और युवाओं को भी सलाह दी गई है कि वे सोशल मीडिया पर बने अनजान लोगों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और बिना परिवार की जानकारी के किसी भी व्यक्ति से मिलने के लिए दूसरे शहर की यात्रा न करें.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--