Hindi News / अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ बड़े अभियान का ऐलान, भूमाफियाओं में हड़कंप

बिहार में मठ-मंदिरों की जमीन पर सरकार सख्त : अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ बड़े अभियान का ऐलान, भूमाफियाओं में हड़कंप

Edited By:  |
bihar mai math-mandiro ki jamin per sarkaar sakhta bihar mai math-mandiro ki jamin per sarkaar sakhta

पटना : बिहार सरकार ने राज्यभर में मठ-मंदिरों की जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जों को लेकर बड़ा फैसला लिया है. भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने साफ कहा है कि धार्मिक संस्थानों की जमीनों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सरकार के इस फैसले के बाद भूमाफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है.

भूमि सुधार मंत्री ने कहा कि बिहार के कई जिलों से लगातार शिकायतें मिल रही थी कि मठों और मंदिरों की बहुमूल्य जमीनों पर अवैध तरीके से कब्जा किया जा रहा है. कई जगहों पर जमीन की खरीद-बिक्री और फर्जी कागजात के जरिए कब्जे की कोशिशें भी सामने आई हैं. इसे देखते हुए सरकार ने अब राज्य स्तर पर विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है.

सरकार के निर्देश के बाद जिला प्रशासन और राजस्व विभाग को सतर्क कर दिया गया है. सभी जिलों में मठ-मंदिरों की जमीनों का रिकॉर्ड खंगाला जाएगा और जहां भी अवैध कब्जे की शिकायत मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासनिक बल भी लगाया जाएगा.

मंत्री ने कहा कि धार्मिक संस्थानों की संपत्तियां समाज की आस्था से जुड़ी होती हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

सरकार के इस फैसले को बिहार में धार्मिक संपत्तियों की सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. वहीं आम लोगों ने भी सरकार की इस पहल का स्वागत किया है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--