Hindi News / यात्रियों और माल की आवाजाही आसान, जल परिवहन से कारोबार को मिलेगी नई...

बिहार में गंगा-गंडक पर बनेंगे 16 नए जेटी : यात्रियों और माल की आवाजाही आसान, जल परिवहन से कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार

Edited By:  |
bihar mai ganga-gandak per banege 16 naye jeti bihar mai ganga-gandak per banege 16 naye jeti

पटना:बिहार में सड़क परिवहन के साथ अब नदियों के रास्ते भी कारोबार और आवागमन को बढ़ावा देने की तैयारी तेज हो गई है. गंगा और गंडक नदियों पर16नए सामुदायिक जेटी बनाए जाएंगे. इन जेटी के तैयार होने के बाद यात्रियों के साथ-साथ सामान और स्थानीय कृषि उपज की आवाजाही भी आसान होने की उम्मीद है.

गंगा नदी के राष्ट्रीय जलमार्ग-1 (NW-1)के किनारे चिह्नित स्थानों पर जेटी निर्माण की योजना तैयार की गई है. परिवहन विभाग के अनुसार, 17चिह्नित स्थानों में से16जगहों के लिए संबंधित जिलों से भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI)को एनओसी मिल चुकी है. इनमें पटना,वैशाली,सारण,समस्तीपुर,बेगूसराय,भागलपुर और आरा समेत कई इलाके शामिल हैं.

योजना के तहत10स्टील जेटी का निर्माण कार्य शुरू भी हो चुका है. इन जेटी के जरिए नदी किनारे बसे इलाकों को जल परिवहन की सुविधा से जोड़ने की कोशिश की जा रही है. इससे सड़क मार्ग पर परिवहन का दबाव कम करने और कम दूरी वाले इलाकों में सामान की आवाजाही को आसान बनाने में मदद मिल सकती है.

गंगा के अलावा गंडक नदी पर भी जल परिवहन का विस्तार किया जा रहा है. राष्ट्रीय जलमार्ग-37के तहत पश्चिम चंपारण जिले में दो नए जेटी प्रस्तावित हैं. इनका निर्माण होने से गंडक नदी के आसपास के क्षेत्रों को भी जल परिवहन नेटवर्क से जोड़ने का रास्ता खुलेगा.

सरकार की इस पहल से स्थानीय व्यापार,कृषि उत्पादों की ढुलाई और यात्रियों की आवाजाही को नई सुविधा मिलने की उम्मीद है. यदि परियोजना समय पर पूरी होती है तो बिहार की नदी आधारित अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सकती है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-