दर्दनाक हादसा : पूर्णिया में धार में डूबने से 2 चचेरी बहनों की मौत, परिजनों में मातम
पूर्णिया : बड़ी खबर पूर्णिया से है जहां बायसी थाना के मल्हरिया गांव में धार में डूबने से 2 चचेरी बहन की मौत हो गई. घटना से इलाके में सनसनी है. वहीं परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है.

बताया जा रहा है कि मृतका शकीरा और फरीदा दोनों बहन अपने दो अन्य सहेलियों के साथ घास काटने गई थी. तभी बीच धार में अधिक पानी होने के कारण दोनों बहने डूब गई. जब उनकी सहेलियों ने दोनों बहनों को डूबते देखा तो उसने शोर मचाया. इसके बाद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और काफी तलाश के बाद दोनों का शव बरामद हुआ. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. मौके पर हजारों लोगों की भीड़ उमड पड़ी. जिला परिषद अध्यक्ष वहीदा सरवर समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे.
सरपंच मोहम्मद निजाम और जिला परिषद अध्यक्ष वहीदा सरवर ने कहा कि चार लड़कियां घास काटने गई थी जिसमें दो चचेरी बहनें फरीदा और शगीरा की डूबने से मौत हो गई. उन्होंने कहा कि यहां सड़क नहीं रहने के कारण लोग धार पार करके दूसरी तरफ जाते हैं. जिस कारण अक्सर दुर्घटना होती है. बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं. उन्होंने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की. वहीं मृतका फरीदा की मां ने कहा कि उनकी बेटियां घास काटने गई थी. लेकिन अब वह कभी वापस नहीं आ पाएगी. यह कह वह दहाड़ मारकर रोने लगी. घटना के बाद से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है.
पूर्णिया से जेपी मिश्रा की रिपोर्ट-





