सासाराम: बिहार के सासाराम के दिनारा थाना क्षेत्र में60वर्षीय मजदूर चंदेश्वर चौधरी की गोली मारकर हत्या के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की.
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि3अगस्त को मजदूरी का पैसा मांगने पर आदतन अपराधी अजीत तिवारी ने गरीब मजदूर चंदेश्वर चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी. उन्होंने कहा कि घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है. पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
तेजस्वी यादव ने बिहार की एनडीए सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के अंदर कानून का भय समाप्त हो गया है. किसान,मजदूर,गरीब,शिक्षक,छात्र,कर्मचारी,व्यापारी,अधिकारी,युवा और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. तेजस्वी ने कहा कि आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सरकार को कड़े कदम उठाने चाहिए.
आरजेडी नेता ने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए. उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय दिलाने की मांग की.
घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी लोगों में आक्रोश है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

