BIG NEWS : अगमकुआं में 22,240 पीस प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, मुख्य आरोपी फरार
पटना: राजधानी के अगमकुआं थाना क्षेत्र में नशीली कफ सिरप के बड़े भंडारण का खुलासा हुआ है. शिवानी कॉलोनी स्थित एक मकान और गोदाम में एईबी तथा मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की है. कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
छापेमारी के दौरान टीम ने कुल22,240पीस प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की. बरामद कफ सिरप की अनुमानित कीमत करीब44.59लाख रुपये बताई गई है. इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप मिलने के बाद जांच एजेंसियों ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है.
बताया जा रहा है कि टीम की कार्रवाई की भनक लगते ही कथित मुख्य आरोपी सोनू कुमार मौके से फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस और संबंधित विभाग की टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. आरोपी के संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में कफ सिरप कहां से मंगाई गई थी और इसे पटना समेत किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था. इसके साथ ही पूरे सप्लाई नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
पुलिस बरामद कफ सिरप से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है. जिस गोदाम से प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई है,उसे पुलिस ने सील कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





