Hindi News / राजस्व मंत्री ने अधिकारियों से हर स्तर की अद्यतन रिपोर्ट लेकर काम में...

बिहार में भूमि सर्वेक्षण की प्रगति की समीक्षा : राजस्व मंत्री ने अधिकारियों से हर स्तर की अद्यतन रिपोर्ट लेकर काम में तेजी के दिए संकेत

Edited By:  |
bihar mai bhumi sarwekshan ki pragati ki samiksha bihar mai bhumi sarwekshan ki pragati ki samiksha

पटना: बिहार में चल रहे भूमि सर्वेक्षण कार्य को लेकर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने पांच जिलों की विस्तृत समीक्षा की. राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने अरवल,जहानाबाद,लखीसराय,शिवहर और शेखपुरा जिलों में संचालित सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली. समीक्षा के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से सर्वेक्षण के प्रत्येक स्तर पर अब तक हुई कार्रवाई की अद्यतन स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की.

बैठक में अधिकारियों से सर्वेक्षण कार्य की वर्तमान स्थिति,विभिन्न स्तरों पर हुई कार्रवाई और आगे की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी ली गई. मंत्री ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि भूमि सर्वेक्षण से जुड़े कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया जाए और संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी हो.

समीक्षा बैठक में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह,भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत समेत सर्वेक्षण कार्य से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. इसके अलावा अरवल,जहानाबाद,लखीसराय,शिवहर और शेखपुरा के बंदोबस्त अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए.

भूमि सर्वेक्षण बिहार में जमीन से जुड़े रिकॉर्ड को व्यवस्थित और अद्यतन करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रक्रिया है. सर्वेक्षण के माध्यम से भूमि से संबंधित अभिलेखों को अपडेट करने के साथ जमीन के स्वामित्व और सीमांकन से जुड़े मामलों को व्यवस्थित करने का प्रयास किया जा रहा है.

पांच जिलों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों से जमीनी स्तर पर सामने आ रही स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. विभाग की ओर से सर्वेक्षण कार्य की नियमित समीक्षा के जरिए प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--