मंत्री नंदकिशोर राम ने AI क्लास का किया उद्घाटन : बोले-गांधी की कर्मभूमि भितिहरवा में AI शिक्षा की शुरुआत सराहनीय कदम
नरकटियागंज:गौनाहा प्रखंड स्थित भितिहरवा कस्तूरबा कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शिक्षा की शुरुआत हुई. डेयरी,मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम ने दीप प्रज्वलित और फीता काटकर एआई क्लास का उद्घाटन किया. कार्यक्रम में एमएलसी अफाक अहमदसमेत कई लोग मौजूद रहे.

एआई शिक्षा की सुविधा महेश्वर लक्ष्मी मेमोरियल फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. अनिल कुमार की पहल से विद्यालय में उपलब्ध कराई गई है. कंप्यूटर के माध्यम से छात्राओं को एआई आधारित शिक्षा दी जाएगी. दावा है कि भितिहरवा के इस कस्तूरबा विद्यालय में पहली बार इस तरह की शिक्षा की शुरुआत हुई है.
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान और बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ पर आधारित लघु नाटक की प्रस्तुति दी. छात्राओं द्वारा बनाए गए आम्र-पोलो के मुकुट,बैच और मोमेंटो देकर अतिथियों को सम्मानित भी किया गया.
मंत्री नंदकिशोर राम ने विद्यालय की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए कहा कि गांधी की कर्मभूमि भितिहरवा में एआई शिक्षा की शुरुआत एक सराहनीय कदम है. उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
मंत्री ने कहा कि विद्यालय के स्वर्णिम विकास के लिए वे लगातार प्रयास करेंगे. साथ ही बिना वेतन कार्य कर रहे शिक्षकों की आर्थिक मदद के लिए मुख्यमंत्री से मिलकर पहल करने की बात भी कही.
नरकटियागंज से अजय पाण्डेय की रिपोर्ट---





