बिहार पुलिस में क्रिकेट सितारों की एंट्री : मुकेश कुमार और आकाश दीप ने संभाला DSP का पद,DGP ने किया सम्मानित
बिहार के दो क्रिकेट सितारों मुकेश कुमार और आकाश दीप ने सोमवार को बिहार पुलिस में नई जिम्मेदारी संभाल ली। बिहार उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति (संशोधन) नियमावली, 2026 के तहत दोनों क्रिकेटरों की पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर औपबंधिक नियुक्ति की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग,बिहार की ओर से गठित चयन समिति की अनुशंसा के आधार पर गृह विभाग ने दोनों की नियुक्ति से संबंधित अधिसूचना जारी की थी।

नियुक्ति के बाद सोमवार, 10 अगस्त 2026 को मुकेश कुमार और आकाश दीप ने बिहार पुलिस मुख्यालय पहुंचकर अपना योगदान समर्पित किया। इस मौके पर बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने दोनों क्रिकेटरों का बिहार पुलिस परिवार में औपचारिक रूप से स्वागत किया और उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) मनोज कुमार भी मौजूद रहे। बिहार पुलिस में दोनों अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेटरों की नियुक्ति को खेल और पुलिस प्रशासन के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुकेश कुमार और आकाश दीप दोनों ही भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रह चुके हैं और अपनी तेज गेंदबाजी के लिए पहचान रखते हैं। बिहार से आने वाले इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
सीधी नियुक्ति के जरिए दोनों खिलाड़ियों को डीएसपी की जिम्मेदारी मिलने से बिहार में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की सरकार की नीति भी सामने आती है। माना जा रहा है कि उनकी नियुक्ति से राज्य के युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने और राज्य का नाम रोशन करने की प्रेरणा मिलेगी।
बिहार पुलिस ने भी दोनों क्रिकेटरों का स्वागत करते हुए उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट





