बिहार में 7 मई को होगा कैबिनेट विस्तार : सम्राट चौधरी सरकार का गांधी मैदान में होगा शपथ ग्रहण, तैयारी जोरों पर
पटना : बिहार की राजनीति में अहम मोड़ आने जा रहा है. सम्राट चौधरी की सरकार बनने के करीब 22 दिन बाद 7 मई को राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य कैबिनेट विस्तार समारोह आयोजित होगा. इस आयोजन को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं. वीवीआईपी मूवमेंट हैं और पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के अनुसार इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,गृह मंत्री अमित शाह,भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी इस बड़े आयोजन के गवाह बनेंगे,जिससे कार्यक्रम का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है.
दरअसल,पांच राज्यों में चल रहे विधानसभा चुनावों के कारण बिहार में कैबिनेट विस्तार टाल दिया गया था. अब तीन राज्यों में एनडीए की जीत के बाद गठबंधन में उत्साह है और इसी माहौल में इस शपथ ग्रहण समारोह को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है.
सूत्रों की मानें तो इस बार कैबिनेट विस्तार में कई नए चेहरों को मौका मिल सकता है. जातीय और क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ संगठन में सक्रिय नेताओं को प्राथमिकता दिए जाने की चर्चा है. ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि किन चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिलती है और सत्ता संतुलन कैसे साधा जाता है.
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 7 मई को सम्राट चौधरी सरकार का कैबिनेट विस्तार होना है. शपथ ग्रहण समारोह को लेकर गांधी मैदान में जोर-शोर से तैयारी जारी है. आम लोगों के लिए गांधी मैदान के सभी गेट बंद हैं. पूरे इलाके को हाई सिक्योरिटी जोन में बदला गया. समारोह स्थल को चार हिस्सों में बांटा जाएगा. एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं. करीब 3000 जवान तैनात रहेंगे. चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है. गृह मंत्री अमित शाह और अन्य दिग्गज भी मौजूद रहेंगे. करीब डेढ़ लाख लोगों के बैठने की भव्य व्यवस्था की गई है.





