BIG NEWS : BPSC 72वीं परीक्षा 2026 के लिए 1230 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, आवेदन तिथि जारी, जुलाई में संभावित परीक्षा
पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC)ने 72वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा 2026 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. इस बार आयोग ने कुल 1230 पदों पर भर्ती की घोषणा की है,जिससे सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है. यह परीक्षा राज्य के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए आयोजित की जाएगी.
आयोग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 मई 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 31 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा,इसलिए अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है. आवेदन केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही किया जा सकेगा.
प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन जुलाई 2026 में संभावित है. हालांकि,परीक्षा की सटीक तिथि एडमिट कार्ड जारी होने के साथ स्पष्ट की जाएगी. ऐसे में उम्मीदवारों के पास तैयारी के लिए सीमित समय बचा है,इसलिए उन्हें अभी से अपनी रणनीति मजबूत करने की जरूरत है.
इस भर्ती में सामान्य प्रशासन विभाग सहित कई अन्य विभागों के पद शामिल हैं. पिछले वर्षों की तुलना में इस बार पदों की संख्या अधिक होने से प्रतियोगिता भी बढ़ने की संभावना है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें और विस्तृत अधिसूचना को ध्यान से पढ़ें.
सही योजना,नियमित अध्ययन और समय प्रबंधन के साथ अभ्यर्थी इस परीक्षा में सफलता हासिल कर सकते हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





