पलामू में पंचायतों को मिला सम्मान : मंत्रियों ने विकास की नई दिशा का दिया संदेश,केंद्र पर साधा निशाना
पलामू: प्रमंडल में मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार सह मुखिया सम्मेलन 2026 का भव्य आयोजन किया गया. झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग की ओर सेकार्यक्रम का आयोजन किया गया. पंचायतों को सशक्त बनाने और उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह शामिल हुई. वहीं, विशिष्ट अतिथि के तौर पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर मौजूद रहे.
पंचायतों को नई योजनाओं की दी गईजानकारी
सम्मेलन के दौरान राज्य सरकार के मंत्रियों ने पंचायत प्रतिनिधियों को विकास की नई दिशा देने का संदेश दिया. साथ ही मुखियाओं की समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया, जिससे सरकार और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो सके. इस मौके पर पंचायतों को नई योजनाओं की जानकारी भी दी गई.
वित्त मंत्री का अमर्यादित बयान
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पलामू प्रमंडल की प्रशासनिक स्थिति पर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि पिछले करीब दो वर्षों तक प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर अपेक्षित काम नहीं दिख रहा था, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं और लोगों को जमीन पर काम नजर आएगा. इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति पर भी टिप्पणी करते हुए नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी पर सीधा निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री कांग्रेस पर टिप्पणी करते हैं, तो उन्हें यह भी समझना चाहिए कि उनसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद कोई नहीं है.





