दर्दनाक सड़क हादसा : बेगूसराय में दो ट्रकों की सीधी टक्कर होने से दोनों चालकों की मौत
बेगूसराय : बड़ी खबर बिहार के बेगूसराय से है जहांगंगा नदी के श्री कृष्णा सेतु पर दो ट्रकों की आमने सामने की भीषण टक्कर में दोनों ट्रक के चालकों की मौत हो गई. यह घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र की है. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
बताया जा रहा है कि भागलपुर का विक्रमशिला सेतु ध्वस्त होने के कारण सभी बड़े वाहनों का परिचालन मुंगेर पुल से किया जा रहा है. सोमवार की रात करीब 2:00 बजे मुंगेर पुल पर दो ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई. साहेबपुर कमाल की ओर से जा रहे ट्रक पर अनाज लोड था. जबकि मुंगेर की ओर से आ रहे ट्रक पर बालू लोड था. सुकेश जमुई से बालू लेकर सुपौल की ओर जा रहा था. इसी दौरान मुंगेर पुल पर सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई. घटना इतना वीभत्स था कि मुंगेर की ओर से बालू लेकर आ रहे सुकेश की लाश ट्रक में करीब 5 फीट तक अंदर घुस गई. साहेबपुर कमाल की ओर से आ रहे ट्रक का चालक बुरी तरह फंस गया. घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से दोनों शव को निकाला गया है. मृतक की पहचान मुंगेर के रहने वाले सुकेश कुमार और बेगूसराय निवासी सत्यम कुमार के रुप में हुई है.
मुंगेर के रहने वाले ट्रक चालक सुकेश कुमार के चचेरे भाई मुकेश कुमार ने बताया कि सुकेश की अभी शादी भी नहीं हुई है. कल उसने फोन करके कहा था कि जमुई से बालू लेकर सुपौल जा रहा है. आज अहले सुबह सूचना मिली कि रात में मुंगेर पुल पर हुई टक्कर में मौत हो गई. घटनास्थल की स्थिति देखकर लगता है कि सुकेश ने बचने के लिए अपना ट्रक काफी साइड कर लिया था. लेकिन सामने से आ रहे ट्रक ने रॉन्ग साइड में आकर टक्कर मारी है.
साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि मुंगेर पुल पर रात करीब 2 बजे ओवर टेक करने में दो ट्रक का सामने टक्कर हो गया जिसमें दोनों चालक की मौत हो गई. दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.





