यूपी में गरजे श्रवण कुमार : CM नीतीश के 7 निश्चय योजना का किया गुणगान, बताया विकास का फॉर्मूला

Edited By:  |
Up me garje jdu minister shrawan kumar Up me garje jdu minister shrawan kumar

DESK : बिहारके ग्रामीण विकास मंत्री एवं उत्तर प्रदेश जनता दल (यूनाइटेड) के संगठन प्रभारी श्रवण कुमार की मौजूदगी में रविवार 11 मार्च 2023 को उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सलेमपुर स्थित सर सैयद इंटर कॉलेज में जनता दल (यूनाइटेड) का एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न हुआ। इस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्रवण कुमार ने कहा कि आज मैंने आप सभी लोगों से उत्तर प्रदेश की स्थिति के संबंध में सुना। यह जानकर मुझे आश्चर्य हुआ कि देवरिया में यहां के स्थानीय सांसद एवम् यहां के स्थानीय विधायक के प्रयास के वावजूद एक बस पड़ाव तक का निर्माण नहीं हो पा रहा है। जबकि बिहार में प्रखंड स्तर तक बस पड़ाव की सुविधा उपलब्ध है।


उन्होंने आगे कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा पंचायत से प्रखंड स्तर तक एवं प्रखंड से अनुमंडल मुख्यालय तक आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक पंचायत के सात अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों को वाहन क्रय करने हेतु ₹1,00,000 की सहायता राशि दी जा रही है। बिहार में जनता दल (यूनाइटेड) की सरकार है। वहां के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। नीतीश कुमार की सोच और उनके कार्यों की वजह से बिहार लगातार प्रगति कर रहा है। जबकि आप जानते हैं कि उत्तर प्रदेश ने देश को कई प्रधानमंत्री दिए हैं। यहां से इतने प्रधानमंत्री देश को मिले हैं कि उत्तर प्रदेश का अब तक कायाकल्प हो जाता।

मंत्री ने आगे कहा कि बिहार जो काम प्रारंभ करता है, केंद्र की सरकार की सरकार उस काम को अपना लेती है। आपने अभी देखा होगा कि केंद्र सरकार के बजट में एक सप्त ऋषि योजना को प्रारंभ करने की बात की गई है। मैं आपको बता दूं कि यह योजना और कुछ नहीं बल्कि बिहार में वर्ष 2015 से प्रारंभ किए गए सात निश्चय योजना का ही एक रूप है। यानी बिहार के काम को केंद्र की सरकार और उत्तर प्रदेश की सरकार अपना लेती है। सात निश्चय योजना के बारे में जानकार कर आपको खुशी होगी कि इस योजना अंतर्गत घर घर नल का जल पहुंचाया जा रहा है। पहले लोग आर्सेनिक युक्त एवं फ्लोराइड युक्त पानी पीने को मजबूर होते थे। मात्र 6% लोगों तक ही नल का जल पहुंच पाता था। लेकिन बिहार की सरकार ने घर घर नल का जल योजना प्रारंभ कर 98% लोगों तक स्वच्छ एवं साफ पानी पहुंचाने का काम किया। बिहार के इस मॉडल को तो पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए। हमारे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी कहते हैं कि यदि इच्छाशक्ति हो तो किसी भी योजना को लागू करने में संसाधन आरे नहीं आ सकता। इच्छाशक्ति है, तो पैसे का इंतजाम होगा और जनहित में उन योजनाओं को व्यवहारिक रूप देना संभव है।

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्रवण कुमार मंत्री ने बिहार में छात्र छात्राओं को दी जाने वाली साइकिल योजना के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि बिहार सरकार नवीं कक्षा तक पढ़ने वाले छात्र और छात्राओं को साइकिल दे रही है। इस योजना से सबसे अप्रत्याशित लाभ यह हुआ कि जहां पहले 1,70,000 छात्राएं स्कूल जाती थी। अब लगभग 9,00,000 छात्राएं स्कूल जा रही है। इससे सरकारी स्कूलों की ओर बच्चे आकर्षित हुए। बच्चों में पढ़ने की ललक बढ़ी। महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह काफी कारगर सिद्ध हुआ।आगे मंत्री ने कहा कि अब हमें बिहार के साथ साथ उत्तर प्रदेश में भी काम करना है। यदि हम उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग एक हो जाएं तो वर्ष 2024 में केंद्र की सरकार को हटा सकेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि हमारे समक्ष जो चुनौतियां हैं, उसे स्वीकार करना होगा, उसका मुकाबला करना होगा। हम इन चुनौतियों का सामना करेंगे तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रह सकता है, हमारी आने वाली पीढ़ी भी सुरक्षित रह पाएगी। आज जो षड्यंत्र चलाए जा रहे हैं। इस षड्यंत्र को हमें समझना होगा, उसका पर्दाफाश करना होगा। मीडिया के बंधुओं से भी मैं कहना चाहता हूं कि इन चीजों को देखें और उसका पर्दाफाश करें। अभी हाल में आपने देखा कि बिहारी और हिंदी भाषी मजदूरों के संबंध में तमिलनाडु के बारे में गलत खबर चलाई गई। यह निश्चित रूप से हिंदीभाषी प्रदेश को देश के अन्य लोगों से अलग-थलग करने का एक सुनियोजित षड्यंत्र था। हमको इन सारी चीजों को समझना होगा। वह कैसे गलत चीजों को प्रसारित प्रचारित कर जनता को झांसे में ले रहे हैं। हमें इससे सचेत रहना होगा। अपने संगठन को मजबूत करना होगा। अपने सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाना होगा और इस काम में हम निश्चित रूप से सफल होंगे। आप सभी के सहयोग से हमें आगे बढ़ते जाना है। हम अगर थोड़ा भी मेहनत एवं परिश्रम करेंगे तो हमारा कारवां आगे बढ़ता जाएगा और हमारा अभियान तेजी से अग्रसर होगा।

इस कार्यकर्ता सम्मेलन में देवरिया जिला के जदयू जिलाध्यक्ष परमेश्वर पटेल, जिला उपाध्यक्ष मनोज पटेल, प्रदेश महासचिव उत्तर प्रदेश अवलेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ संजय सिंह, प्रदेश सचिव रामाश्रय राजभर समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


Copy