
शनिवार, 26 सितंबर 2026
Liveपटना : महावीर मन्दिर न्यास का सातवां अस्पताल पटना के राजीव नगर में शुरू हो गया है। महावीर वरिष्ठ नागरिक अस्पताल के नाम से यह अस्पताल राजीव नगर रोड नंबर 24 H में शुरू किया गया है। महावीर मन्दिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि मात्र 20 रुपये के निबंधन शुल्क पर मरीजों को विशेषज्ञ डाॅक्टरों द्वारा इलाज किया जाएगा। महावीर मन्दिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने आगे बताया कि मरीजो को यहां जांच और अन्य सुविधाएं सीजीएचएस यानि भारत सरकार स्वास्थ्य सेवाएं द्वारा निर्धारित दर पर मुहैया करायी जाएंगी। शुरुआत के तौर पर एक फिजीशियन की देखरेख में ओपीडी सेवा शुरू की गयी है। एनटीपीसी के स्वास्थ्य प्रभाग में तीन दशकों तक सेवाएं दे चुके डाॅ शशि रंजन शर्मा को वरीय चिकित्सा पदाधिकारी के तौर पर तैनात किया गया है। जबकि मनोचिकित्सक डाॅ निखिल गोयल को अस्पताल का संयुक्त चिकित्सा अधीक्षक बनाया गया है। आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि महावीर वरिष्ठ नागरिक अस्पताल में डे केयर की सुविधा दी जाएगी। ओपीडी में सभी उम्र के लोगों को मात्र 20 रुपये में चिकित्सकीय परामर्श दिया जा रहा है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए अस्पताल में योग, फिजियोथेरेपी, पुस्तकालय, कैंटीन आदि की सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जाएंगी। वरिष्ठ नागरिकों के एकाकीपन को दूर करने के लिए अस्पताल के अंतर्गत एक वरिष्ठ नागरिक क्लब का गठन किया जाएगा। इसकी विस्तृत रूपरेखा की घोषणा जल्द की जाएगी। विदित हो कि महावीर मन्दिर न्यास द्वारा पटना में महावीर आरोग्य संस्थान, महावीर कैंसर संस्थान, महावीर वात्सल्य अस्पताल, महावीर हार्ट हॉस्पीटल और महावीर नेत्रालय का संचालन किया जा रहा है। पटना के निकट हाजीपुर के कोनहारा घाट पर विशालनाथ अस्पताल में डे केयर की सुविधाएं दी जा रही हैं। महावीर वरिष्ठ नागरिक अस्पताल महावीर मन्दिर न्यास का सातवां अस्पताल है। दीघा झुग्गी बस्ती में 52 मरीजों का निःशुल्क इलाज महावीर वरिष्ठ नागरिक अस्पताल की ओर से पटना के दीघा की झुग्गी बस्ती में 52 मरीजों का निःशुल्क इलाज किया गया। सोमवार को अस्पताल की ओर से आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में मरीजों के स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ उनकी पैथोलाॅजिकल जांच भी निःशुल्क की गयी। महावीर वरिष्ठ नागरिक अस्पताल के संयुक्त चिकित्सा अधीक्षक डाॅ निखिल गोयल ने बताया कि ज्यादातर मरीज उच्च रक्तचाप, डायबिटिज, गैस की समस्या आदि से पीड़ित थे। कई मरीजों को फाॅलोअप के लिए राजीव नगर रोड नंबर 24H स्थित महावीर वरिष्ठ अस्पताल में निःशुल्क परामर्श के लिए बुलाया गया है। डाॅ गोयल ने बताया कि अस्पताल की ओर से समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। गरीब और वंचित तबके तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने के लिए अस्पताल कार्य करेगा।
पूर्णिया : खबर है पूर्णिया से जहां बैंक जा रहे फल विक्रेता के मुंशी को बदमाशों ने गोली मार कर उसके पास मौजूद रुपयों से भरे बैग को ले उड़े। बताया जा रहा है कि छिनतई के दौरान जब शख्स ने विरोध जताया तभी अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। वहीं घटना के बाद घायल युवक को स्थानीय लोगों ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। इधर सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। मामला पूर्णिया सदर थाना क्षेत्र के खुशकीबाग का बताया जा रहा है जहां रूपया कलेक्शन कर बैंक जमा करने जा रहे फल विक्रेता के मुंशी को बदमाशों ने गोली मार दिया। इस दौरान ही रूपया कलेक्शन का 1.50 लाख रूपया लूट कर फरार हो गए। घायल शख्स को इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है जहां डॉक्टर की देख रेख में इलाज जारी है।घायल फल विक्रेता मुंशी की पहचान मोहमद इरफान के रूप में की गई। घटना के संबंध में घायल मुंशी मो इरफान ने बताया कि वो रूपया कलेक्शन कर गुलाबबाग बैंक जमा करने जा रहा था।जहां खुश्कीबाग ओवरब्रिज के नजदीक राहुल कुमार व निकेश कुमार नामक अपराधी पहले हाथापाई किया फिर गोली मार दिया । गोली हाथ के अंगुली में लगने से वे घायल हो कर गिर गया। उसके बाद कलेक्शन का वसूले डेढ़ लाख रुपये छीन कर फरार हो गया। घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की हैं। साथ ही घायल से बारीकी से पुछताछ की है। वहीं सदर एसडीपीओ पुष्कर कुमार ने युवक के गोली लगने की बात से इंकार कर दिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
पटना : PM मोदी पर आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की टिप्पणी के बाद संग्राम छिड़ गया है। इसी बीच जेडीयू ने भी चेतावनी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना बंद करे लालू प्रसाद यादव। मजबूर कीजियेगा तो इतना छिछालेदर होगा जिसकी कल्पना भी आपने नहीं की होगी। वहीं खुद प्रधानमंत्री मोदी ने भी तेलंगाना में सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान लालू यादव पर इशारों में हमला बोला है। जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लालू प्रसाद के सर पर बेताल चढ़कर बोल रहा है। व्यक्तिगत टिप्पणी करना फ़ौरन ही बंद कर दें। उन्होंने बताया कि यह रैली महागठबंधन की नहीं लालू प्रसाद के परिवार की हो गई। जब लालू यादव ने तेजस्वी का हाथ उठाया तो तेज प्रताप बोला मेरा हाथ क्यों नहीं पकड़ा। किसने किसको किडनी दिया ये सब बोलने की क्या जरुरत है। आप सिर्फ परिवार के लिए जीते हैं। वहीं नीरज कुमार ने चेतावनी देते हुए आगे कहा कि आपने परिवार के लिए ही तीन लाख स्क्वायर फ़ीट जमीन पटना मे आपने जमा किया है। इस सब चक्कर मे मत पड़िये लालू जी नहीं तो नस फट जायेगा। उन्होंने बताया कि परिवार मे नौ उम्मीदवार हो गया पार्टी के बांकी बचे नेताओं का क्या होगा ?PM मोदी पर साधा व्यक्तिगत निशाना आपको बता दें कि पटना के गांधी मैदान में महागठबंधन की जन विश्वास महारैली को संबोधित करते हुए लालू यादव ने कहा था कि PM मोदी तो हिंदू ही नहीं हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कोई हिंदू यह-यह काम नहीं कर सकता, जो PM मोदी ने किया है। उन्होंने PM मोदी की पारिवारिक जिंदगी पर भी हमला बोला। लालू प्रसाद ने कहा कि "मंडल कमीशन का नतीजा है कि आज हर पिछड़ा वर्ग, दलित, वंचित और गरीब सत्ता के दरवाजे पर खड़ा है। यह नरेंद्र मोदी क्या चीज है? यह मोदी आजकल परिवारवाद पर हमला कर रहे हैं। आप बताओ न, आपको क्यों नहीं संतान हुआ? ज्यादा संतान होने वाले लोगों को बोलता है कि परिवारवाद है। परिवार के लिए लड़ रहा है। आपके पास परिवार नहीं है और आप हिन्दू भी नहीं हैं। जब आपकी माताजी का देहावसान हो गया तो हर हिन्दू अपनी मां के शोक में केस दाढ़ी मुंडवाता है। आपने क्यों नहीं छिलवाया? यह बताओ।आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यहीं नहीं रुके उन्होंने PM पर हमला कायम रखा। उन्होंने कहा कि "देश भर नफरत फैला रहे हो। कहता है कि भगवान में प्राण प्रतिष्ठा कर दिया। बताओ कि बिना प्राण प्रतिष्ठा के ही भगवान ही अब तक थे ?" उन्होंने PM मोदी को हिंदू मानने से इनकार करते हुए अपनी बातें पूरी कीं तो राम-सीता होते हुए बेटी-बेटा तक पहुंचे। उन्होंने कहा- "जनकपुर में श्रीराम चंद्र जी की शादी हुई। बिहार जैसे राज्य में एक से एक सूरमा पैदा लिए। इसी गांधी मैदान में न जाने कितनी बार देश भर नेताओं का सभाएं हुईं। यहीं से देश भर संदेश गया। बिहार के हवा में इतना दम हैं कि जो देश के लोग इसका अनुकरण करते हैं। मेरा किडनी का ट्रांसप्लांट हुआ है। हमारी बेटी रोहिणी ने अपनी किडनी मुझे दान दी। मुझे जीवनदान दिया। तेजस्वी यादव काफी मेहनत कर रहे हैं। लोगों को इतनी नौकरी दी। हम रोज पूछते थे- आज कितनी नौकरी दी ? सिपाही में कितनी नौकरी दी ? फिर यह भी कहा कि आरक्षण जोड़ लो, जब सिपाही को नौकरी दो।
DESK : देश के PM नरेंद्र मोदी आज सोमवार को तेलंगाना के दौरे पर है। इस दौरान एक कार्यक्रम के दौरान PM मोदी ने तेलंगाना के आदिलाबाद में 56 हजार करोड़ रुपए के कई प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वहीं इस दौरान आये लोगों को संबोधित करते हुए PM मोदी ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को परिवारवाद पर करारा पलटवार करते हुए कहा कि ‘मेरा कोई परिवार नही’, आप मेरे परिवार हो। जिसके बाद इंटरनेट यह स्लोगन ट्रेंड करने लगा। वहीं देखते ही देखते कई बीजेपी नेता भी इस मुहिम से जुड़ गए और एक्स साइट पर अपने नाम के आगे मोदी का परिवार लिख दिया। इससे पहले भी कई दफा PM मोदी सोशल मीडिया पर ट्रेंड में रहे हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में ''मैं भी चौकीदार' के बाद अब 'मैं हूं मोदी का परिवार' इंटरनेट पर ट्रेंड करने लगा है। इस मुहिम में गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, बिहार बीजेपी प्रभारी और डिप्टी CM सम्राट चौधरी, डिप्टी CM विजय सिन्हा सहित कई BJP के नेताओं ने अपने X हैंडल पर बायो बदल दिया है।ये भी पढ़ें : लालू प्रसाद पर PM मोदी का एक और प्रहार : परिवारवाद के खिलाफ दिया एक और नारा, RJD सुप्रीमो पर किया पलटवार'मैं हूं चौकीदार' पार्ट-2 सोशल मीडिया साइट एक्स पर बीजेपी नेताओं की ओर से मोदी के परिवार नाम का इस्तेमाल ठीक चुनावी समर से पहले किया गया है। सियासी गलियारों में ऐसी चर्चा है कि अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान बीजेपी इस "मोदी के परिवार" वाले नारे और अप्रोच के जरिए वोटर्स को साधना चाहेगी। इससे पहले 2019 लोकसभा चुनाव में ''मैं भी चौकीदार'भी एक मुहिम बीजेपी की ओर से चलाया गया था जो काफी ट्रेंडिंग रहा था।
नवादा : इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है बिहार के नवादा से जहां एक शख्स ने पिता और बेटे के पवित्र रिश्ते को ही तार-तार कर दिया है। बताया जा रहा है कि महज दो घूंट दारू के लिए इस कलयुगी पिता ने अपने कलेजे के टुकड़े का सौदा कर दिया। वहीं देखते ही देखते यह खबर इलाके में आग की तरह फ़ैल गई। जानकारी मिल रही है कि एक पिता ने शराब के लिए हर हद पार कर दी। कहीं से पैसे का इंतजाम नहीं हो पा रहा था तो उसने अपने सात साल के बेटे को ही बेचने के लिए उसे अपने साथ लेकर निकल गया। इस मामले की सूचना जब शराबी की पत्नी को हुई तो उसने स्थानीय लोगों की सहायता से शराबी पति मुकेश केवट को पकड़ कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता ने बताया कि उसका ससुराल नवादा में है। शराबी पति की लत की वजह से ही वह ससुराल छोड़ कर अपने मायके में बेटे के साथ रहने लगी। सी बीच पति घर आया और घर में सो रहे बेटा को जबरन उठाकर अपने साथ लेकर भागने लगा। इसी दौरान पत्नी ने दौड़ा कर परबलपुर थाना क्षेत्र के परवलपुर थरथरी मार्ग पर बंगपुर गांव के पास पत्नी ने पति को पकड़ा और बच्चे को लौटाने को कहा। इसी बात पर दोनो पति पत्नी के बीच आपस में हाथापाई हुई। इस दौरान ही स्थानीय लोगो ने पुलिस को सूचना दे दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया और पुलिस बच्चे को सकुशल बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया। वहीं परवलपुर थानाध्यक्ष पप्पू सिंह ने बताया की आरोपित शराब के नशे में था उसकी मेडिकल जांच कराई गई है पत्नी के आरोपों की जांच की जा रही है । बता दें कि पत्नी ने पति पर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह उसके बच्चे का सौदा करने वाला था।
DESK : इस वक़्त की बड़ी खबर सामने आ रही है पुरी के जगन्नाथ मंदिर से जहां अनधिकृत प्रवेश के आरोप में 9 बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों की जांच की जा रही है, साथ ही सभी आरोपियों से पूछताछ भी जारी है। इस दौरान पुरी के एडिशनल एसपी सुशील मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पूछताछ के लिए बांग्लादेशी पर्यटकों को हिरासत में लिया। मंदिर के नियमों के अनुसार सिर्फ हिंदुओं को ही मंदिर में प्रवेश की अनुमति है। आरोपियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।वहीं एक अधिकारी ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद के कुछ कार्यकर्ताओं ने शिकायत की थी कि कई बांग्लादेशी गैर-हिंदू नियमों का उल्लंघन करते हुए 12वीं सदी के मंदिर में प्रवेश कर गए। खबर सामने आते ही पुलिस ने फ़ौरन ही अनधिकृत प्रवेश के आरोप में 9 बांग्लादेशियों को हिरासत में लिया। फ़िलहाल इन सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। जानें क्या हैं मंदिर के नियम ?आपको बता दें कि जगन्नाथ मंदिर देश के उन खास धामों में से एक है, जहां लाखों-करोड़ों लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसी मान्यता है कि भगवान विष्णु यहां जगन्नाथ के रूप में विराजमान हैं। इस मंदिर में पिछले कई दशकों से सिर्फ हिंदुओं को ही पूजा करने की अनुमति है। गैर हिंदू इस मंदिर में प्रवेश नहीं कर सकते हैं। यहां तक कि विदेशी पर्यटकों के लिए भी एंट्री बैन है। मंदिर के इस नियम को लेकर अलग-अलग मान्यताएं हैं। कुछ सेवादारों का कहना है कि मंदिर के निर्माण के वक्त से ही ये नियम बनाए गए थे। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि मुस्लिम शासकों के हमलों के बाद मंदिर में गैर हिंदूओं की प्रवेश को लेकर ये नियम बनाए गए थे।
बेगूसराय : खबर है बेगूसराय से जहां एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला जब एक अनियंत्रित वाहन ने सड़क पर जा रहे बाइक सवार सिविल इंजीनियर को रौंद दिया। इस हादसे में सिविल इंजीनियर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। मामला फुलवरिया थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है जहां एनएच 28 पर सड़क पार करने के दौरान बाइक सवार सिविल इंजीनियर को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बरौनी थाना क्षेत्र के सहुरी गांव निवासी 50 वर्षीय राजकिशोर सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजकिशोर सिंह रोज की तरह बगराहा डीह स्थित हरि कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने के लिए जा रहे थे। तभी कंपनी के साइट के पास एन एच 28 पार करने के दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही फुलवरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना मिलने पर कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारी और मृतक के परिजन काफी संख्याओं में अस्पताल पहुंचे हैं। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और सभी का रो रो कर बुरा हाल है।
DESK : भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री पर होली की खुमारी सर चढ़कर बोल रही है इस वजह से एक के बाद एक नए गाने होली को लेकर रिलीज किया जा रहे हैं और जिसे दर्शकों का भी भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है। इसमें भोजपुरी के नए ट्रेडिंग स्टार अंकुश राजा भी किसी से पीछे नहीं है अब तक उनके कई गाने रिलीज हो चुके हैं। उनके गानों की फेहरिस्त में गाना "आहि रे दिदिया" भी जुड़ गया है, जो रिलीज के साथ वायरल तो हो ही रहा है।लेटेस्ट भोजपुरी गाने को अंकुश राजा ने शिल्पी राज के साथ मिलकर गया है, जिनकी आवाज की खनक से भोजपुरी संगीत प्रेमियों का रोम रोम हर्षित हो जाता है। गाना "आहि रे दिदिया" अन्नपूर्णा फिल्म के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल से रिलीज हुआ है जिसको लेकर अंकुश राजा ने कहा कि होली बिना संगीत कैसे हो सकता है। इसलिए हम इस बार होली को और खास बनाने के लिए एक से बढ़कर एक गाने लेकर आ रहे हैं उसी क्रम में यह भी खाना है जो आपको बेहद पसंद आएगा। भोजपुरी सिंगर अंकुश राजा ने कहा कि हम आप सबों से आग्रह करेंगे कि आप हमारे इस गाने को खूब प्यार और आशीर्वाद दें। इसके साथ होली के रंग को हमारे इस गाने के साथ और रंगीन बनाएं उम्मीद करता हूं कि हमारे गाने आपकी भोजपुरी होली को यादगार बनाने के लिए सक्षम है। गाना "आहि रे दिदिया" को अंकुश राजा और शिल्पी राज ने गाया है। गीतकार अखिलेश कश्यप, दीपक मतलबी और संगीत निर्देशक आर्य शर्मा हैं। संगीतकार शुभम तिवारी हैं। वीडियो निर्देशक आशीष सत्यार्थी हैं। पी आर ओ रंजन सिन्हा हैं। निर्माता अखिलेश कश्यप हैं।
DESK : वोट के बदले नोट (Vote for bribe case) यानी पैसे लेकर सदन में वोट या स्पीच देने के मामले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने बड़ा फैसला सुना दिया है। सुनवाई के दौरान ही कोर्ट ने साल 1998 के फैसले को 26 साल बाद पलट दिया है। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने वोट के बदले नोट मामले में किसी भी सांसद और विधायक ( MP-MLA ) को छूट देने से इनकार कर किया है। चीफ जस्टिस डीवाइ चंद्रचूड़, जस्टिस एमएम सुंदरेश, जस्टिस जेबी पारदीवाला, जस्टिस मनोज मिश्रा, जस्टिस एएस बोपन्ना, जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस पीवी संजय कुमार की पीठ ने यह ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। कोर्ट ने साफ़ कहा है कि MP-MLA को भी घूसखोरी की छूट नहीं दी जा सकती है। पीठ ने कहा कि हम 1998 में दिए गए जस्टिस पीवी नरसिम्हा के उस फैसले से सहमत नहीं है, जिसमें सांसदों और विधायकों को सदन में भाषण देने या वोट के लिए रिश्वत लेने के लिए मुकदमे से छूट दी गई थी। सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस (CJI) डीवाइ चंद्रचूड़ ने कहा कि अगर कोई सांसद भ्रष्टाचार और घूसखोरी करता है तो यह चीजें भारत के संसदीय लोकतंत्र को बर्बाद कर देंगी। आर्टिकल 105/194 के तहत मिले विशेषाधिकार का मकसद सांसद के लिए सदन में भय रहित वातावरण बनाना है। यदि कोई विधायक राज्यसभा इलेक्शन में वोट देने के लिए घूस लेता है, तो उसे भी प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट का सामना करना पड़ेगा।गौरतलब है कि पिछले साल 20 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट की तरफ से एक बड़ा फैसला आया था, जिसके तहत सदन में वोट के लिए रिश्वत में शामिल सांसदों/विधायकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई से छूट पर फिर से विचार करने को सुप्रीम कोर्ट तैयार हो गया था।
पटना : लोकसभा चुनाव 2024 में मिशन 400 पार का लक्ष्य लेकर NDA चुनावी मैदान में उतरने को तैयार है। इसी बीच बीजेपी ने लोकसभा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। जिसमे 16 राज्यों के 195 प्रत्याशियों के नाम एलान कर दिया गया है। भोजपुरी फिल्मों के एक्टर-सिंगर पवन सिंह को बीजेपी ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल से लोकसभा प्रत्याशी बनाया है। पवन सिंह के लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चा कई माह से चल रही थी। बीजेपी ने पवन सिंह को एक दिग्गज सुपरस्टार शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ उतारकर बड़ा दांव खेल दिया है। इस आसनसोल सीट से टीएमसी के नेता और दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा सांसद हैं। पहले ये बात चल रही थी कि पवन सिंह को बिहार की आरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाया जाएगा लेकिन अब बीजेपी ने मन बदल लिया है और आसानसोल से चुनावी मैदान में उतारने का एलान कर दिया है।आपको बता दें कि आसनसोल लोकसभा सीट से 2019 के चुनाव में बॉलीवुड सिंगर बाबुल सुप्रियो ने बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा और फिर वहां से सांसद बने। हालांकि बाबुल सुप्रियो ने बीजेपी का दामन छोड़ दिया। 2021 के पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर बाबुल सुप्रियो ने चुनाव लड़ा था और ममता सरकार में मंत्री बने गए। वहीं ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी ने 2022 में आसनसोल लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था, जहां से वो जीतकर सांसद बने थे। इस चुनाव में शत्रुघ्न सिन्हा ने बीजेपी प्रत्याशी के अग्निमित्र पॉल को करीब 3 लाख वोटों के मार्जिन से मात दी थी।
DESK : अगर अब किसी शख्स ने किसी अनजान महिला को 'डार्लिंग' कहा तो उसकी खैर नहीं होगी। ऐसा करने वाले मनचलों पर हाई कोर्ट ने सख्त एक्शन लेने का मन बना लिया है। कोर्ट ने कहा कि ऐसा करने वाला शख्स यौन उत्पीड़न का गुनहगार माना जाएगा और भारतीय दंड संहिता की धारा 354A के तहत उसे जेल जाना पड़ सकता है और जुर्माना भी भरना पड़ सकता है।गौरतलब है कि कलकत्ता हाई कोर्ट की पोर्ट ब्लेयर पीठ की जज जस्टिस जय सेनगुप्ता ने कहा कि भले ही आरोपी ने शराब पी रखी हो या वह किसी भी स्थिति में हो, अगर उसने किसी अनजान महिला को डार्लिंग कहा तो उसे सेक्सुअल हैरेसमेंट का दोषी माना जाएगा। इतना कहते हुए जस्टिस सेनगुप्ता ने अपीलकर्ता आरोपी जनक राम की सजा को बरकरार रखा,जिसने नशे की हालत में पकड़े जाने के बाद एक महिला पुलिस अधिकारी (शिकायतकर्ता) से कहा था कि क्या डार्लिंग चालान करने आई हो क्या ?बता दें कि मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस सेनगुप्ता ने धारा 354ए (एक महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना) का उल्लेख करते हुए कहा कि आरोपी की महिला पुलिस अधिकारी पर की गई ऐसी टिप्पणी यौन टिप्पणियों के दायरे में आती है और यह प्रावधान दोषी को सजा का हकदार बनाता है। उन्होंने आगे बताया कि सड़क पर किसी अनजान महिला को, चाहे वह पुलिस कांस्टेबल ही क्यों ना हो किसी शख्स द्वारा डार्लिंग कहकर संबोधित नहीं किया जा सकता है। बता दें कि सेक्सुअल हैरेसमेंट केस में दोषी को पांच साल तक की जेल या जुर्माना या दोनों हो सकता है।
PM Modi in Bihar : देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बिहार दौरे पर हैं। औरंगाबाद के बाद अब PM मोदी, CM नीतीश के साथ बेगूसराय की सभा में पहुंच गए हैं। पीएम मोदी ने एक लाख 62 हजार करोड़ की 45 परियोजनाओं का उद्घाटन बटन दबाकर किया। इस मौके पर सीएम नीतीश कुमार समेत दोनो डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा मौजूद रहे। पीएम मोदी के इस दौरे को बिहार में लोकसभा चुनाव का शंखनाद माना जा रहा है। ऐसा पहली बार होगा जब 5 दिन के भीतर प्रधानमंत्री मोदी दो बार बिहार दौरे पर रहेंगे। आज औरंगाबाद और बेगूसराय के दौरे के बाद 6 मार्च को पीएम बेतिया में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। PM मोदी ने कहा कि 2005 के पहले जैसे हालात होते तो ऐसी परियोजनाओं की घोषणा करने से पहले पांच बार सोचना पड़ता। 2010 से पहले रेलवे के संसाधनों को कैसे लूटा गया ये पूरा बिहार जानता है। लेकिन आज पूरी दुनिया में रेलवे के आधुनिकीकरण की चर्चा हो कर रही है। बिहार ने परिवारवाद का दंश सहा है। सामाजिक न्याय और परिवारवाद एक-दूसरे का घोर विरोधी हैं। विकसित बिहार के संकल्प के साथ आया हूं बेगूसराय बोले PM PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं आज विकसित बिहार के संकल्प के साथ बेगूसराय आया हूं। यह मेरा सौभाग्य है कि इतनी विशाल संख्या में आप (जनता) आएं। आपके दर्शन करने का मुझे सौभाग्य मिला है। बेगूसराय की यह धरती प्रतिभावान युवाओं की धरती है। इस धरती ने देश के किसान और मजदूर को मजबूत किया है। आज इस धरती का पुराना गौरव फिर लौट रहा है। उन्होंने आगे कहा कि आज यहां से बिहार सहित पूरे देश के लिए एक लाख 60 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का शिलान्यास और उद्घाटन हुआ है। पहले ऐसे कार्यक्रम दिल्ली के विज्ञान भवन में होते थे। लेकिन, आज मोदी दिल्ली को बेगूसराय ले आया है। 30 हजार करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट केवल मेरे बिहार के लिए है। एक ही कार्यक्रम में सरकार का इतना बड़ा निवेश ये दिखाता है कि भारत सरकार का सार्मथ्य कितना बढ़ रहा है।अबकी बार NDA सरकार 400 पारPM नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि आज की यह परियोजनाएं बिहार में सुविधा और समृद्धि का रास्ता बनाएगा। बच्चा-बच्चा, गांव और शहर पूरे विश्वास से कहा रहा है कि अबकी बार एनडीए सरकार 400 पार। साथियों 2014 में जब आपने एनडीए को सेवा का अवसर दिया तब मैं कहता था पूर्वी भारत विकास होना चाहिए। इतिहास गवाह है कि जब-जब बिहार और पूर्वी भारत का विकास हुआ तब तक भारत सशक्त हुआ। मैं जनता से कहता हूं कि बिहार विकसित होगा ताे देश भी विकसित होगा। बिहार के मेरे भाई-बहन आप मुझे बहुत अच्छी तरह जानते हैं। मैं फिर से कहता हूं कि यह वादा नहीं है। यह मिशन है। यह संकल्प है। आज जो प्रोजेक्ट बिहार को मिले हैं, वह विकास के दिशा में ही सशक्त कदम हैं। ऊर्जा, उर्वरक और कनेक्टिविटी यही तो विकास का आधार है। खेती हो या उद्योग, सबकुछ इन्ही पर निर्भर करता है। जब इनपर तेजी से काम होता है तो रोजगार के अवसर भी बढ़ता है। बरौनी के कारखाना बंद पड़ा था। इसे मैंने फिर से चालू करने की गारंटी ली थी। मोदी ने अपनी गारंटी पूरी कर दी। इससे समस्त किसानों को लाभ मिलेगा।बेगूसराय में CM नीतीश ने किया PM का स्वागत उलाव हवाई अड्डा में आयोजित कार्यक्रम में CM नीतीश कुमार ने मंच पर उनका जोरदार स्वागत किया। बेगूसराय में सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि पीएम मोदी यहां पधारें हैं। और, आगे भी यहां आएंगे। जनता से उन्होंने कहा कि एक बात जान लीजिए कि अब आपलोगों को कह देना चाहते हैं कि इस बार लोकसभा चुनाव में भारी और बहुत बड़ी संख्या में लोग एनडीए सरकार को वोट देंगे। और, 400 से ज्यादा सीट से जीतएंगे। भाई हम बीच में इधर-उधर हो गए थे लेकिन हम फिर से आ गए हैं। हमेशा के लिए एनडीए में आ गए हैं। गिरिराज सिंह जी हमारे साथ ही न थे, 2005 से लेकर अब तक कितना काम हुआ था। पीएम मोदी लोगों को प्रेरित कर रहे हैं आप कितना आगे बढ़िएगा। पीएम मोदी का सभी लोग खड़ा होकर स्वागत करें। बेगूसराय में गरजे गिरिराज... बीजेपी के फायर ब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि रामलला को अयोध्या में स्थापित करने के बाद अब पीएम सीता की नगरी में पधार रहे हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े जननेता के सम्मान में आज बेगूसराय की धरती पर भीड़ उमड़ परी है। गिरिराज सिंह ने कहा कि मिथिला की भूमि पर आपका स्वागत है। आपको बेगूसराय की जनता आशीष देने आई है। आपने छह लेन का पुल दिया, एनटीपीएसी दिया। गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री की खूब तारीफ की। लाइव अपडेट जारी जब-जब PM मोदी आएंगे, बिहार को चमकाएंगे : हरदीप सिंहपेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि आज का दिन बिहार के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। आज एक लाख 62 करोड़ के 45 प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण होने जा रहा है। जिसमें 13 प्रोजेक्ट्स सिर्फ बिहार के लिए हैं। ये योजनाएं बिहार के लिए मील का पत्थर साबित होगी। भारत की अर्थव्यस्था दिनों बहुत तेजी से बढ़ रही है। ऑयल और गैस की आपूर्ति के लिए हमारा देश दूसरों पर निर्भर रहा है। लेकिन इन परियजोनाओं से देश के तेल-गैस उत्पादन में 60 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। हरदीप पुरी ने आगे कहा कि अंत्योदय हमारा आदर्श है। भारत इकलौता देश है जहां पेट्रोल-डीजल के दाम कम हुए है। पेट्रोल 13 रूपए और डीजल के दाम 16 रूपए कम हुए हैं। एलपीजी सिलेंडर के दाम भी 200 रूपए कम हुए हैं।
हाजीपुर : खबर है हाजीपुर से जहां वैशाली पुलिस ने अष्टधातु की दो बेशकीमती मूर्ति के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार किया है। जानकारी मिल रही है कि ये तस्कर सीतामढ़ी से मूर्ति को लेकर पटना में इसे करोड़ो रूपये में बेचने की फ़िराक में थे। लेकिन ये अपराधी अपने मंसूबे में कामयाब हो पाते इससे पहले ही पुलिस टीम के हत्थे चढ़ गए। मामला गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है जहां तेरसिया मोर के निकट से गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अष्टधातु के दो मूर्ति के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए तस्कर दोनों सीतामढ़ी जिले का रहने वाले बताये जा रहे हैं। वैशाली एसपी कार्तिकेय शर्मा ने इस मामले की पूरी जानकारी देते हुए कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर एक मारुति सुजुकी के साथ दो अष्टधातु की मूर्ति अन्य सामान के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए तस्कर के पास से दो अष्टधातु की मूर्ति चांदी का कर सिक्का सिक्का काश दो, मारुति कर एक, मोबाइल तीन, चार एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड एक आधार कार्ड नगद ₹5000 बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए तस्कर सीतामढ़ी जिला निवासी विनय चौधरी के पुत्र विकास चौधरी एवं रामकृपाल ठाकुर के पुत्र कुंदन कुमार ठाकुर उर्फ गुड्डू कुमार बताया गया है। एसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों तस्कर से यह पता चला है कि दोनों तस्कर सीतामढ़ी से मूर्ति लेकर पटना बेचने जा रहे थे। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर गंगा ब्रिज थाना अंतर्गत से दोनों तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि बरामद किए गए मूर्ति की जानकारी न्यायालय को दी जाएगी न्यायालय के आदेश अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार किए गए तस्कर से पुलिस पूछताछ कर रही है। बरामद दोनों मूर्ति की कीमत बाजार में डेढ़ करोड़ रुपए के करीब बताई गई है। वैशाली से पंकज और ऋषभ की रिपोर्ट
नवादा : कांग्रेस (Congress) की हिसुआ (Hisua) विधायक नीतू सिंह के एक बयान के बाद से ही बिहार का सियासी पारा हाई हो गया है। हालांकि मामला तूल पकड़ते ही कांग्रेस विधायक नीतू सिंह ने सफाई दी है और कहा है कि बीजेपी में जाने का सवाल ही नहीं उठता है। लेकिन अब यह खबर सामने आ रही है कि विधायक नीतू सिंह को कांग्रेस शो-कॉज जारी कर सकती है। हिसुआ विधायक नीतू सिंह का बयान ऐसे समय पर आया है, जब महागठबंधन के 7 विधायक एनडीए में शामिल हो चुके हैं। इसमें कांग्रेस के भी दो विधायकों ने बीजेपी का दामन थामा है। ऐसे समय में विधायक नीतू सिंह का ये बयान प्रेशर पॉलिटिक्स की ओर इशारा कर रहा है। जानकारी मिल रही है कि कांग्रेस विधायक नीतू सिंह कांग्रेस पर लगातार नवादा से लोकसभा का टिकट देने का दबाव बना रही हैं। इस प्रेशर पॉलिटिक्स के चलते उन्होंने बीजेपी से नवादा लोकसभा सीट की डिमांड की और कहा अगर बीजेपी उन्हें नवादा से टिकट देती हैं तो बीजेपी जॉइन कर लेंगी।वहीं अब कांग्रेस नीतू सिंह से शोकॉज मांगने की तैयारी में है। कांग्रेस विधायक दल के नेता डॉ.शकील अहमद खान ने बताया कि पार्टी नीतू सिंह से शो कॉज करने जा रही है। अब कांग्रेस विधायक को इस बात का डर है कि कहीं वह बयानबाजी के चक्कर में कांग्रेस को भी नहीं खो बैठे।
DESK : इन दिनों फिल्मी सितारों का रुझान आधायत्म की ओर ज्यादा आकर्षित हो रहा है। हाल के दिनों में ज्यादातर सेलेब्स भगवान की भक्ति में लीन होते हुए नजर आ रहे हैं। आयोध्या मंदिर के उद्घाटन के समय भी हम सभी ने कई सितारों को रामलला के दर्शन और उस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होते देखा है। वहीं अब इसी कड़ी में साउथ सुपस्टार (South Superstar) तमन्ना भाटिया (Tamannaah Bhatia) का नाम भी जुड़ गया है।साउथ की मशहूर एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने शनिवार को बनारस स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम में मत्था टेका है। इस दौरान तमन्ना विश्वनाथ मंदिर की श्रृंगार आरती में शामिल हुईं और बाबा भोलेनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन किया। मंदिर से बाहर निकलकर वे विश्वनाथ कॉरिडोर में चहलकदमी करती दिखीं। इस दौरान कई फैंस भी तमन्ना को देखकर खुश नजर आए।जानकारी मिल रही है कि तमन्ना ,वाराणसी में वे तेलूगू मूवी ओडिला की शूटिंग के सिलसिले में पहुंची हैं। उन्होंने गंगा द्वार के पास घाट पर मां गंगा का आचमन किया। पूजन के बाद दशाश्वमेध घाट तक बजड़े में सवार होकर बोटिंग की। तमन्ना ने हरे रंग की ड्रेस पहन रखी थी और पूरी तरह से भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। देखिये खास तस्वीरें -
DESK : बॉम्बे हाईकोर्ट ने शनिवार को यौन शोषण से जुड़े मामले में अहम फैसला सुनाया है। इस दौरान हाईकोर्ट ने देश के अंधविश्वासी लोगों की कड़ी आलोचना करते हुए गंभीर टिप्पणी की है। बता दें कि बॉम्बे हाईकोर्ट ने 6 मानसिक रूप से विक्षिप्प लड़कियों का इलाज करने के बहाने उनका यौन शोषण करने वाले तांत्रिक की उम्रकैद सजा को बरकरार रखा है।गौरतलब है कि 45 वर्षीय तांत्रिक को सेशन कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। फैसला न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे और न्यायमूर्ति मंजूषा देशपांडे की खंडपीठ ने सुनाया और कहा कि यह भारत का दुर्भाग्य है कि आज भी लोग समस्याओं के समाधान के लिए तांत्रिक के पास जाते हैं। उनके आगे हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते हैं और वे उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर पैसा ठगते हैं, इज्जत लूटते हैं।लड़कियों का यौन शोषण- परिजनों का आर्थिक शोषण खंडपीठ ने कहा कि आरोपी किसी भी तरह की नरमी का हकदार नहीं है। आरोपी ने तांत्रिक बाबा होने का दावा करते हुए 6 मानसिक रूप से विकलांग लड़कियों को ठीक करने के बहाने उनका यौन शोषण किया। उसने कथित तौर पर लड़कियों के माता-पिता का आर्थिक शोषण किया। उनकी नाबालिग बेटियों को ठीक करने की आड़ में उनसे 1.30 करोड़ रुपये वसूल लिए।यह हमारे देश की दुर्भाग्यपूर्ण वास्तविकता है कि लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए तथाकथित तांत्रिकों और बाबाओं के दरवाजे खटखटाते हैं। तथाकथित तांत्रिक और बाबा लोगों की कमजोरी और अंधविश्वास का फायदा उठाते हैं। ऐसे में आरोपी तांत्रिक की सजा उसके कृत्य के अनुसार ही तय हुई है, जिसे कम नहीं किया जा सकता।2010 में पहली बार सामने आया था मामलाबता दें कि मामले में साल 2010 में FIR दर्ज हुई थी। 6 साल चली सुनवाई के बाद सेशन कोर्ट ने साल 2016 में आरोपी को दोषी ठहराया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इस सजा के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में अपील की गई, जिसमें अब 8 साल बाद फैसला आया है।
DESK : ऐ मोहब्बत तेरे अंजाम पे रोना आया...जाने क्यों आज तेरे नाम पे रोना आया...यूं तो हर शाम उम्मीदों में गुज़र जाती थी...आज कुछ बात है जो शाम पे रोना आया...उर्दू अदब के बड़े नामों में से एक शकील बदायूंनी के इस नज्म को अपनी सुरीली आवाज में पीरों कर अक्षरा सिंह ने भोजपुरी इंडस्ट्री खलबली मचा दी है। भोजपुरी क्वीन के नाम से मशहूर एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया के आधिकारिक अकाउंट पर अपने दर्द को सुरों में बयां किया है। उन्होंने शकील बदायूंनी की मशहूर नज्मों में से एक यूं तो हर शाम उम्मीदों में.... गाने को गुनगुनाते हुएएक वीडियो पोस्टकिया है। जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं लोग अक्षरा सिंह की आवाज में एक नज्म को सुनकर मदहोश हुए जा रहे हैं। बता दें कि शकील बदायूंनी ने अपने फिल्मी करियर में एक से एक हिट गाने दिए, जिन्हें लोग आज भी बहुत ही चाव के साथ सुनते हैं। शकील बदायूंनी के बेहतरीन गानों में चौदहवीं का चांद, प्यार किया तो डरना क्या, न जाओ सैंया छुड़ा के बैयां कसम तुम्हारी, हुस्नवाले तेरा जवाब नहीं और सुहानी रात ढल चुकी जैसे न जाने कितने ही बेहतरीन गाने हैं, जिन्हें जब भी सुना जाए, हमेशा मन मोह लेते हैं। अपने गानों से शकील बदायूंनी ने खूब लोकप्रियता हासिल की। वह जहां भी जाते तालियों की गूंज हर कोने से सुनाई देने लगती थी।
DESK : इन दिनों भोजपुरी सुपरस्टार अरविंद अकेला कल्लू पर होली की खुमारी सर चढ़ कर बोल रही है। नतीजा है कि वे लगातार होली के नए-नए गाने लेकर आ रहे हैं। आज भी उनका एक रंगों में सराबोर गाना “देवरन प दया करा” जे एम एफ भोजपुरी के ऑफिसियल यूट्यूब चैनल से रिलीज हुआ है, जो तेजी से वायरल भी होने लगा है। इस गाने को कल्लू ने एक बार से शिवानी सिंह के साथ मिलकर गाया है, जो भोजपुरी की उभरती हुई म्यूजिक सेंशेसन हैं और उनके गाने आग की तरह लोगों के बीच फैलते हैं। कल्लू और शिवानी की केमेस्ट्री लोगों को खूब पसंद आ रही है, जिसे जे एम एफ भोजपुरी ने इस गाने में भी भुनाया है और इस गाने को व्यूज को अब पर लग चुके हैं। वहीं, गाना “देवरन प दया करा” को लेकर आज कल्लू ने कहा कि होली रंगों का त्यौहार है और इसमें संगीत का भी बेहद महत्व है। हमारे गाँव घरों में होली के समय लोक गीतों का चलन है, जिसे हम अपने गानों में भुना कर दर्शकों के समक्ष एक नया गाना लेकर आये हैं। उम्मीद है कि यह लोगों को पसंद आएगी और लोग इस गाने के साथ अपनी इस बार की होली को यादगार बनायेंगे। उन्होंने कहा कि जे एम एफ भोजपुरी, इंडस्ट्री में एक क्रांति लेकर आई है। इसके लिए हम बद्रीनाथ झा का आभार व्यक्त करते हैं कि वे अपने लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए एक समृद्ध प्लेटफॉर्म तैयार किया है। इसका लाभ भोजपुरी इंडस्ट्री और कलाकारों को मिल रहा है और आगे भी मिलेगा। बता दें कि गाना “देवरन प दया करा” को अरविंद अकेला कल्लू ने शिवानी सिंह के साथ मिलकर गाया है। इस गाने के गीतकार आशुतोष तिवारी और संगीत निर्देशक प्रियांशु सिंह हैं। इस गाने के म्यूजिक वीडियो में पारुल यादव हैं। निर्देशक लवकेश विश्वकर्मा और क्रिएटिव डायरेक्टर नितेश सिंह हैं। पी आर ओ रंजन सिन्हा हैं। डी ओ पी रियाज़ अली, कोरियोग्राफर प्रेम शर्मा और सहायक कोरियोग्राफर सतीश शाह हैं। संपादक प्रतीक जी, डीआई रोहित सिंह हैं।
DESK : मोस्ट अवेटेड भोजपुरी फिल्म "रंग दे बसंती" का धमाकेदार ट्रेलर आज शनिवार को आउट हो गया है। इस फिल्म में खेसारीलाल यादव के साथ रति पांडेय और डायना खान मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं। फिल्म का ट्रेलर बहुत ही धमाकेदार है और खेसारीलाल यादव भी फुल एक्शन में नजर आ रहे हैं। इस फिल्म के निर्माता रौशन सिंह, सह निर्माता शर्मिला आर सिंह,निर्देशक प्रेमांशु सिंह और सुपर स्टार खेसारीलाल यादव हैं। फिल्म में एक ओर वे जांबाज सैनिक के रूप में नजर आएं हैं, जो देश के खातिर हमेशा मर मिटने को तैयार रहता है और वही दूसरी ओर यूनिवर्सिटी में एक युवा नेता के रूप में खेसारीलाल यादव प्रभु श्रीराम का घोष बुलंद करते नजर आ हैं। कभी मूंछ में दिख रहे हैं, तो कभी जटाधारी लुक में। आखिर क्या है, इसका राज ? यह ट्रेलर में सस्पेंस पैदा करती है, जिसका राज 22 मार्च को ही खुलेगा। इसमें दोनों का एक लक्ष्य है, देश भक्ति और सेवा। 3 मिनट 16 सेकंड का यह ट्रेलर एक्शन और सस्पेंस से भरपूर है। ट्रेलर में खेसारीलाल यादव देश के दुश्मनों को धूल चाटते हुए नजर आ रहे हैं। ट्रेलर देखने के बाद यह साफ पता चलता है कि खेसारीलाल यादव की यह फिल्म बिग स्केल की है। बता दें कि "रंग दे बसंती" को एस आर के म्यूजिक प्रा. लि.प्रस्तुत के अंदर बनाया गया है। प्रेमांशु सिंह ने इस फिल्म को डायरेक्ट किया है। ट्रेलर में दिख रहा एक्शन, गाने और सींस इस बात को पुख्ता करती है कि फिल्म की मेकिंग अलग ही लेवल पर हुई है, जिसका रोमांच अनोखा होने वाला है। फिल्म के ट्रेलर और पोस्टर में दिखे सिक्वेंस को ट्रेलर में रिपीट नहीं किया गया। सब कुछ ट्रेलर में फ्रेश दिख रहा है। इससे समझा जा सकता है कि इस फिल्म में और भी कितने मैटीरियल होंगे। ट्रेलर में दिख रही भव्यता से दर्शकों के बीच जिज्ञासा और कौतूहल बना हुआ है। यह दर्शकों के उम्मीद से भी कहीं अधिक होने वाली है। इस फिल्म को देख कर भोजपुरी के दर्शक अपनी फिल्मों पर फक्र करेंगे। वहीं, फिल्म को लेकर निर्माता रौशन सिंह ने बताया कि हमारी सोच थी कि इस फिल्म को जेनरिक थोड़ा अलग करें और आगे बढ़ें। अपर क्लास के हिसाब से इस फिल्म को हमने बनाया और साथ ही भोजपुरी के हर वर्ग के दर्शकों को यह फिल्म पसंद आएगी,ऐसी उम्मीद है।फिल्म के गाने एक से बढ़कर एक होंगे। फिल्म में बॉलीवुड के बड़े कलाकारों की आवाज गानों में सुनने को मिलेगी। इस फिल्म को हम 22 मार्च को पैन इंडिया रिलीज कर रहे हैं, जो भोजपुरी के दर्शकों को होली का उपहार होगा। आप जरूर सिनेमाघरों में आकर इस फिल्म को देखें। आपको बता दें कि फिल्म रंग दे बसंती के निर्माता रौशन सिंह और सह निर्माता शर्मिला आर सिंह हैं। निर्देशक प्रेमांशु सिंह हैं। फिल्म में खेसारीलाल यादव, रति पांडे और डायना खान के साथ अमिताभ भट्टाचार्य, फिरोज खान और मास्टर ऋषभ यादव राज प्रेमी, मीर सरवर, अमित तिवारी, समर्थ चतुर्वेदी, प्रकाश जैश, ज्योति कलश, संजय महानंद, रीना रानी, श्रद्धा नवल, सुजान सिंह, सोनू पांडेय, रितु चौहान, रिंकू भारती, नेहा पाठक, खुशबू यादव, संजय वर्मा, अखिलेश कुमार अक्की, सूर्या द्विवेदी, निकिता भारद्वाज और चाहत प्रमुख भूमिका में हैं। फिल्म की कहानी मनोज कुशवाहा ने लिखी है। संगीतकार ओम झा है। गीतकार प्यारेलाल यादव ,अरविंद तिवारी, राकेश निराला, डॉ कृष्णा एन शर्मा और सत्य सावरकर हैं। पीआरओ शैलेश गिरी, रंजन सिन्हा हैं। डीओपी वासु, कोरियोग्राफर रिकी गुप्ता, कला राजीव शर्मा का है।