ठग गिरोह का पर्दाफाश! : कोरोना जांच के नाम पर बनाते थे निशाना, 3 अरेस्ट

Edited By:  |
Reported By:
Thag giroh ka pardafash Thag giroh ka pardafash

रांची : राजधानी में रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के पास आने जाने वाले यात्रियों से कोरोना जांच के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है।

पूरा मामला रांची के चुटिया थाने इलाके का है जहां पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के लोग कोरोना जांच के नाम पर लोगो को सुनसान स्थान पर ले जाकर लूटपाट भी करते थे।

क्या है पूरा मामला

चुटिया पुलिस ने चोरी और कोरोना जांच के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कांटाटोली के शफीउल्लाह हाशमी, नामकुम के अंतू राम और डोरंडा का अरबाज गद्दी शामिल है। जानकारी के अनुसार रांची रेलवे स्टेशन के आस पास तीनो अपराधी घूमते रहते थे। स्टेशन से बाहर निकलने वाले यात्री को भी कोविड जांच के बहाने रोकते थे और फिर उनसे लूटपाट करते थे।

शुक्रवार को एलएपपी ट्रेन से कोडरमा और गया के रहने वाले नौ मजदूर मजदूरी कर रांची लौटे थे। स्टेशन से जैसे ही सभी मजदूर बाहर निकले। तीनो ने उन्हें पकड़ लिया। कहा कि कोरोना जांच कराना होगा और साथ में उन्हें वैक्सीन भी लेना होगा। इसके बाद उन्हें घर जाने दिया जाएगा।

तीनो अपराधियों ने मजदूरों के बैग समेत अन्य सामानो को एक जगह पर रखवा दिया। इसके बाद उसे वैक्सीन लगवाने के लिए ले गए। पीछे से तीनो गायब हो गए। जब मजदूर उसकी तलाश करते हुए जिस जगह पर सामान रखा था, वहां पर पहुंचे तो देखा कि उनका सारा सामान व पैसे गायब है।

मजदूरों ने अपराधियों की तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद सभी मजदूर चुटिया थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस अपराधियों की तलाश की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीनो अपराधियों को दबोच लिया।

वहीं थाना प्रभारी वेंकटेश कुमार ने बताया कि आरोपी स्टेशन रोड में कई लोगों से लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। वह स्टेशन से बाहर आने वाले यात्रियों को अपना निशाना बनाते थे। आधा दर्जन से ज्यादा लोगों से आरोपियों ने पैसा लूटा है। सड़क पर नोट गिरा कर लोगों की गाड़ी से भी आरोपियों ने पैसे चोरी कर ली है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार किया है।


Copy