तेजस्वी की चिराग-मांझी को खुली चुनौती : आरक्षण खत्म करने वाला पैदा नहीं हुआ,दम है तो सामान्य सीट से लड़कर दिखाएं
पटना: बिहार में आरक्षण को लेकर एनडीए के भीतर जारी बयानबाजी के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और जीतन राम मांझी पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने रविवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि आरक्षण खत्म करने वाला अभी तक कोई पैदा नहीं हुआ है। उन्होंने चिराग पासवान और जीतन राम मांझी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर दम है तो आरक्षित सीट छोड़कर सामान्य सीट से चुनाव लड़कर दिखाएं।
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि चिराग पासवान और जीतन राम मांझी खुद आरक्षित सीटों से चुनाव जीतते रहे हैं और अब आरक्षण के मुद्दे पर बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरक्षण खत्म करने की कोशिश करने वालों के साथ नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, चिराग पासवान और जीतन राम मांझी की पार्टियां खड़ी हैं।
तेजस्वी ने बिहार में महागठबंधन सरकार के दौरान बढ़ाई गई 65 प्रतिशत आरक्षण सीमा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने एनडीए नेताओं से सवाल किया कि यदि वे आरक्षण समर्थक हैं तो 65 प्रतिशत आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल कराने के लिए पहल क्यों नहीं करते।
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में भी एनडीए नेताओं पर निशाना साधते हुए लिखा- ‘गुड़ खाये, गुलगुले से परहेज।’ तेजस्वी ने आरोप लगाया कि अलग-अलग बयान देकर आरक्षण समर्थक जनभावना का आकलन करने की कोशिश की जा रही है।
तेजस्वी ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के 2015 में आरक्षण की समीक्षा संबंधी बयान का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बिहार की जनता ने जवाब दिया था। उन्होंने चेतावनी दी कि आरक्षण को लेकर दोबारा ऐसा प्रयास हुआ तो बिहार की जनता इसका जवाब देगी।
बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट





