सुप्रीम कोर्ट को मिले दो नये जज : राष्ट्रपति ने नियुक्ति को दी मंजूरी, जानिए कौन हैं दो नये जज...जिनके नाम पर लगी मुहर

Edited By:  |
 Supreme Court gets two new judges  Supreme Court gets two new judges

NEW DELHI :सुप्रीम कोर्ट को दो नये जज मिले हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुप्रीम कोर्ट में दो नए जजों की नियुक्ति की मंजूरी दे दी है, जिसके बाद शीर्ष अदालत में मंजूर की गई जजों की संख्या पूरी हो गई है।

जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह और जस्टिस आर. महादेवन को सुप्रीम कोर्ट के जजों के रूप में प्रमोट किया गया है। केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के नए जजों की नियुक्ति का ऐलान किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इन नियुक्तियों की घोषणा की।

जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह और जस्टिस आर महादेवन को अभी शपथ लेना है। एक बार शपथ ग्रहण पूरा हो जाएगा तो सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस समेत कुल जजों की संख्या फिर से 34 हो जाएगी, जो अदालत में जजों की स्वीकृत अधिकतम संख्या है। जम्मू-कश्मीर के चीफ जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह मणिपुर से सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त होने वाले पहले जज बन गए हैं। जस्टिस महादेवन वर्तमान में मद्रास हाईकोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस हैं।

मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले कॉलेजियम ने 11 जुलाई को इनके नामों की सिफारिश की थी। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सहित 34 जज के पदों को मंजूरी मिली हुई है। इन दोनों के शपथ लेने के बाद जजों के सभी पद भर जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के अन्य सदस्य जस्टिस संजीव खन्ना, बीआर गवई, सूर्यकांत और हृषिकेश राय हैं। सुप्रीम कोर्ट में वर्तमान में 32 न्यायाधीश हैं। जस्टिस एन. कोटिश्वर सिंह का जन्म 1 मार्च 1963 को मणिपुर के इंफाल में हुआ था। वे (दिवंगत) जस्टिस एन इबोटोम्बी सिंह के पुत्र हैं।