सुपौल में LPG गैस की किल्लत पर भड़के उपभोक्ता : त्रिवेणीगंज बाजार में NH-327E जाम कर किया जमकर हंगामा
सुपौल : जिले में LPG गैस की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं ने बुधवार को सड़कों पर उतरे. गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज लोगों ने त्रिवेणीगंज-पिपरा सड़क मार्ग पर NH-327E को जाम कर जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान कुछ देर तक सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा.
यह घटना त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के बघला के पास NH-327E की है, जहां बड़ी संख्या में गैस उपभोक्ता सड़क पर उतर आए और सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि पिछले एक सप्ताह से लेकर दस दिनों तक उन्हें LPG गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है. कई उपभोक्ता रोजाना गैस एजेंसी का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है.
प्रदर्शनकारियों ने गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एजेंसी की ओर से गैस नहीं होने की बात कही जा रही है,जबकि खुले बाजार में कालाबाजारी के जरिए गैस सिलेंडर1500रुपये तक में बेचा जा रहा है. लोगों का आरोप है कि एजेंसी से ही बड़े पैमाने पर सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है,जिसके कारण आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.
सड़क जाम के कारणNH-327Eपर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के समझाने के बाद लोगों ने धीरे-धीरे जाम समाप्त किया.
जाम हटने के बाद सड़क पर आवागमन फिर से सामान्य हो सका. वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गैस आपूर्ति व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है,ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके.
सुपौल से विष्णु गुप्ता की रिपोर्ट--





