Hindi News / श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु PHED की व्यापक तैयारी, कांवड़िया पथ पर पेयजल समेत...

श्रावणी मेला 2026 : श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु PHED की व्यापक तैयारी, कांवड़िया पथ पर पेयजल समेत सभी जरुरी सुविधाएँ सुनिश्चित – मंत्री संजय कुमार सिंह

Edited By:  |
shravni mela 2026 shravni mela 2026

पटना : लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED),बिहार सरकार द्वारा पवित्र श्रावणी मेला के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुविधा,स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए कांवड़िया पथ पर व्यापक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई है.लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह ने बताया कि मुंगेर,भागलपुर एवं बाँका जिले में सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट से झारखंड सीमा के दुम्मा तक पूरे कांवड़िया पथ पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था की गई है.

टेंट सिटी में शौचालय,यूरिनल एवं स्नानागार की व्यापक व्यवस्था

मंत्री संजय कुमार सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुगम एवं आरामदायक यात्रा के लिए भागलपुर,मुंगेर एवं बाँका जिला स्थित कांवडिया पथ पर लगभग1000बेड क्षमता वाले टेंट सिटी का निर्माण कराया गया है,जिसमें शौचालय,यूरिनल,स्नानागार,गर्म जल एवं श्रद्धालुओं के मनोरंजन हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित आवश्यक नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई है. इन सुविधाओं की नियमित साफ-सफाई एवं रख-रखाव सुनिश्चित करने के लिए विभागीय टीमें लगातार कार्यरत हैं.

मंत्री ने बताया कि कांवड़िया पथ पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल टैंकर,वाटर एटीएम, RO/UVआधारित वाटर चिलर,चापाकल इत्यादि के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था की गई है. विभिन्न स्थानों पर फिल्टरयुक्त एवं निःशुल्क पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. गर्मी और उमस को देखते हुए कांवड़िया पथ पर शीतल जल की फुहार,मिस्ट स्प्रिंकलर एवं ओवरहेड स्प्रिंकलर (जल झरना) जैसी व्यवस्थाएँ भी की गई हैं,ताकि लंबी यात्रा के दौरान कांवड़ियों को राहत मिल सके.

24×7सक्रिय है समर्पित टीम

सिंह ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाओं का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा24×7समर्पित टीमों को तैनात किया गया है. ये टीमें पेयजल एवं स्वच्छता से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी,रखरखाव एवं साफ-सफाई के साथ-साथ उत्पन्न होने वाली किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रही हैं.

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो,इसके लिए विभागीय मुख्यालय स्तर से सहायक अभियंताओं की विशेष प्रतिनियुक्ति भी सुल्तानगंज से झारखंड सीमा तक की गई है. प्रतिनियुक्त अधिकारी कांवड़िया पथ पर पेयजल,शौचालय एवं स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर रहे हैं तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं.

नियंत्रण कक्ष से व्यवस्थाओं की सतत निगरानी

मंत्री ने कहा कि कांवड़िया पथ पर उपलब्ध सुविधाओं की सतत निगरानी एवं श्रद्धालुओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष भी संचालित किया जा रहा है. विभागीय टीमें जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी के साथ-साथ प्राप्त शिकायतों एवं आवश्यकताओं पर त्वरित कार्रवाई कर रही हैं.

संजय कुमार सिंह ने कहा कि श्रावणी मेला में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ,सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिले,यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. सुल्तानगंज से दुम्मा तक पूरे कांवड़िया पथ पर पेयजल,स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की टीमें पूरी तत्परता के साथ24×7कार्यरत हैं.

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का संकल्प है कि श्रद्धालुओं की आस्था का पूरा सम्मान करते हुए पूरे कांवड़िया पथ पर स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत नागरिक सुविधाएँ निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाएँ.