Hindi News / पूर्णिया में नदी में डूबने से 3 नाबालिग बच्चों की मौत, घटना से...

दर्दनाक हादसा : पूर्णिया में नदी में डूबने से 3 नाबालिग बच्चों की मौत, घटना से सनसनी

Edited By:  |
dardanaak hadsa dardanaak hadsa

पूर्णिया : बड़ी खबर बिहार के पूर्णिया से है जहां धमदाहा थाना क्षेत्र के चंदरही बहियार में बुधवार दोपहर नहाने के दौरान नदी में डूबने से 3 नाबालिग बच्चों की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई.

बताया जा रहा है कि चंदरही ईंट भट्ठा के सामने स्थित भवेसा धार में बुधवार दोपहर करीब दो बजे तीन बच्चे नहाने गए थे. इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए. बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और उन्हें पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. तीनों मृतक बच्चे ठाढ़ी राजो पंचायत के वार्ड नंबर 09 स्थित शंकर चौक महादलित टोला के निवासी थे.

मृतकों में मिठानी कुमार, राहुल कुमार और हैप्पी कुमार शामिल है. तीनों बच्चे आपस में दोस्त बताए जाते हैं. घटना की सूचना मिलते ही धमदाहा एसडीओ अनुपम थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पूर्णिया सदर अस्पताल भेज दिया. प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को सरकारी मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है.

पूर्णिया से जेपी मिश्रा की रिपोर्ट--