Hindi News / जिला कृषि कार्यालय में पदस्थापित बड़ा बाबू बिजेन्द्र कुमार को 8,000 रुपये घूस...

शिवहर में निगरानी टीम ने की बड़ी कार्रवाई : जिला कृषि कार्यालय में पदस्थापित बड़ा बाबू बिजेन्द्र कुमार को 8,000 रुपये घूस लेते दबोचा

Edited By:  |
shivhar mai nigrani team ne ki badi karrawai shivhar mai nigrani team ne ki badi karrawai

शिवहर : बड़ी खबर बिहार के शिवहर से है जहां निगरानी विभाग की टीम ने जिला कृषि कार्यालय में पदस्थापित बड़ा बाबू बिजेन्द्र कुमार को 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है.

बताया जा रहा है कि माधोपुर सिंगाही,थाना पिपराही,जिला शिवहर निवासी मनीषा देवी (पति स्व. मुकेश सिंह) ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो,बिहार,पटना के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि जिला कृषि कार्यालय के बड़ा बाबू बिजेन्द्र कुमार खाद एवं बीज की दुकान का लाइसेंस बनवाने के एवज में रिश्वत की माँग कर रहे हैं. शिकायत के बाद निगरानी टीम ने प्राथमिकी दर्ज की.

निगरानी ब्यूरो द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया,जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत माँगे जाने का प्रमाण मिला. प्रथम दृष्टया आरोप सत्य पाए जाने के पश्चात उक्त कांड दर्ज करते हुए अनुसंधानकर्ता शिव कुमार साह,पुलिस उपाधीक्षक,निगरानी अन्वेषण ब्यूरो,पटना के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया,जिसने यह कार्रवाई सफलतापूर्वक अंजाम दी.

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक शिव कुमार साह ने बताया कि परिवादिनी मनीषा देवी की शिकायत पर जिला कृषि कार्यालय के लिपिक (बड़ा बाबू) द्वारा खाद एवं बीज का लाइसेंस जारी करने के एवज में रिश्वत की माँग किए जाने का सत्यापन निगरानी टीम द्वारा कराया गया, जिसमें मामला सही पाया गया. तत्पश्चात थाना कांड संख्या 55/26 दर्ज कर अनुसंधान के क्रम में 8,000 रुपये रिश्वत लेते हुए बड़ा बाबू को बुधवार सायं 7 बजे उनके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया गया.

मामले में परिवादी मनीषा देवी ने बताया कि माधोपुर की रहने वाली हूँ. हम खाद का लाइसेंस लेने गए थे,उन्होंने कहा कि पैसा लगेगा, हम सिर्फ खाद के लाइसेंस के लिए गए,उन्होंने बड़ी रकम की मांग की हमने कहा कि हम उतना नहीं दे पाएंगे 8 हजार दिए हैं.

इस मौके पर मौजूद निगरानी विभाग डीएसपी शिव कुमार शाह,ऋषिकेश सिंह,राजनांदनी सहित अन्य निगरानी टीम मौजूद रहे.

शिवहर से हेमंत कुमार की रिपोर्ट-