रांची से लापता दो बच्चे सकुशल बरामद : पुलिस ने दोनों बच्चों को खोज निकाला,मां की डांट से थे नाराज
रांची:शहर के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से लापता दो बच्चों को रांची पुलिस ने बुधवार को सकुशल बरामद कर लिया है. बच्चों के गायब होने के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया था. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों बच्चों को तुपुदाना ओपी क्षेत्र से खोज निकाला. मामूली बात पर दोनों बच्चे घर से नाराज होकर निकल गए थे.
मां की डांट से नाराज होकरघर छोड़कर चले गए थे
बताया जा रहा है कि मां की डांट से नाराज होकर बच्चे घर छोड़कर निकल गए थे. जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से लापता हुई 10 वर्षीय रौशनी कुमारी और 6 वर्षीय युवांश महतो को रांची पुलिस ने खोज निकाला. दोनों बच्चों के अचानक घर से गायब होने के बाद परिजनों में चिंता का माहौल था.
पुलिस की विशेष टीम ने खोज निकाला
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आस पास के इलाकों में खोजबीन शुरू की. जांच के दौरान इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें दोनों बच्चे खुद से जाते हुए दिखाई दिए. इसके बाद रांची एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने लगातार छापेमारी और खोज अभियान चलाते हुए तुपुदाना ओपी क्षेत्र से दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया.
पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चों की मां ने कड़ी धूप में खेलने से मना किया था. डांट पड़ने पर नाराज होकर दोनों बच्चे बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे. हालांकि,समय रहते पुलिस की सक्रियता से दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचा दिया गया.





