नीतीश कुमार पहुंचे उलार गांव : सूर्य मंदिर में की भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना,विकास कार्यों का भी लिया जायजा
पटना:बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को जिले के पालीगंज अनुमंडल स्थित दुल्हिनबाजार प्रखंड के उलार गांव पहुंचे. जहां उन्होंने ओलार्क (उलार) सूर्य मंदिर में भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा भी लिया.मंदिर पहुंचने पर नीतीश कुमार ने सबसे पहले भगवान भास्कर के दर्शन-पूजन किए. इसके उपरांत उन्होंने अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर में जारी विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया.
राज्यसभा सांसद बनने के बादओलार्क सूर्य मंदिर का पहला दर्शन
राज्यसभा सांसद बनने के बाद नीतीश कुमार का उलार गांव स्थित ऐतिहासिक ओलार्क सूर्य मंदिर का पहला दौरा था. मुख्यमंत्री रहते हुए भी वे कई बार इस मंदिर में आए थे और भगवान भास्कर की पूजा कर चुके हैं.उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए मंदिर के विकास के लिए लगभग 15 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की थी, जिसका कार्य शुरू हो चुका है और विकास कार्य तेजी से जारी है.
देश के 12 सूर्य मंदिर में ओलार्क मंदिर शामिल
अगर मंदिर के इतिहास के बारे में बात करे तो भगवान कृष्ण के पुत्र राजा श्याम द्वारा इस मंदिर की स्थापना की गई थी और इस मंदिर का इतिहास काफी पुराना है. देश के 12 सूर्य मंदिर में ये मंदिर शामिल है.मंदिर के विकास के लिए बिहार सरकार के पर्यटन विभाग की तरफ से पिछले साल 15 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई थी. पर्यटन क्षेत्र से जोड़ने के लिए इस मंदिर को बिहार सरकार ने कोरीडोर बनाने का भी निर्णय लिया है.
नीतीश कुमार से मिलने के लिए जुटी भीड़
इस अवसर पर मंदिर परिषद के महंत अवध बिहारी दास, स्थानीय मंडल अधिकारी चंदन कुमार, डीएसपी राजेश चंद्र सिंह सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे. इधर, नीतीश कुमार के अचानक उलार सूर्य मंदिर पहुंचने पर उनको देखने के लिए काफी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल की टीम मौके पर मौजूद रही.





