Hindi News / सांसद सुखदेव भगत ने विभिन्न विभागों से संचालित योजनाओं की ली जानकारी

लोहरदगा में दिशा की बैठक : सांसद सुखदेव भगत ने विभिन्न विभागों से संचालित योजनाओं की ली जानकारी

Edited By:  |
lohardaga samaharnalay sbhakash mein baithak lohardaga samaharnalay sbhakash mein baithak

लोहरदगा: जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई है. बैठक की अध्यक्षता लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत कर रहे हैं. बैठक में जिले में संचालित विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य प्रायोजित विकास योजनाओं की समीक्षा की जा रही है. इस दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति, समस्याओं और समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई.

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तकपहुंचाने का निर्देश

बैठक में सांसद सुखदेव भगत ने विभिन्न विभागों से संचालित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया है. साथ ही विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने पर बल दिया है.

बैठक मेंविभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा

जानकारी के अनुसार बैठक में ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क निर्माण, बिजली, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन समेत अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा की जा रही है. कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जनप्रतिनिधियों द्वारा सुझाव भी दिए जा रहे हैं, ताकि विकास योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके.

विधायक रामेश्वर उरांव ने जनहित से जुड़ेसमस्याओं का उठाया

बैठक में मौजूद विधायक रामेश्वर उरांव ने क्षेत्रीय समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाया. उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान की अपेक्षा जताई. वहीं, जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले में विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.

प्रशासनिक महकमे में विशेष सक्रियता

बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों के सुचारू संचालन को लेकर पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी की भी मौजूदगी रही. दिशा की बैठक को लेकर प्रशासनिक महकमे में विशेष सक्रियता देखी जा रही है. जिले की कई विकास योजनाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई है.

मौके पर सभी विभागों के पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद

मौके पर विधायक रामेश्वर उरांव, जिला उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी सहित जिले के सभी विभागों के पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद हैं. दिशा की बैठक को जिले के विकास कार्यों की निगरानी और समन्वय के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं की स्थिति की समीक्षा की जाती है और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं.