पटना में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन : एक बाइक पर थे 4 पुलिसकर्मी सवार,बिना हेलमेट के थे 3 जवान,वीडियो वायरल
पटना:राजधानी पटना में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक बाइक पर चार पुलिसकर्मियों के सवार होने और उनमें से तीन के बिना हेलमेट सफर करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले को गंभीरता से लिया है। वीडियो सामने आते ही ट्रैफिक एसपी सागर कुमार झा ने जांच के आदेश दिए और संबंधित पुलिसकर्मियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी।
ट्रैफिक एसपी ने दिए जांच के आदेश
प्रारंभिक जांच में बाइक चला रहे पुलिसकर्मी की पहचान अभय कुमार सिन्हा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि मोटरसाइकिल पर निर्धारित क्षमता से अधिक लोग सवार थे और यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया गया। इसके बाद चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है।
ट्रैफिक एसपी का स्पष्ट निर्देश
ट्रैफिक एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून लागू कराने वाले पुलिसकर्मियों से अनुशासन और नियमों के पालन की सबसे अधिक अपेक्षा होती है। यदि वही नियम तोड़ेंगे तो आम लोगों के बीच गलत संदेश जाएगा। इसलिए ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
ड्राइविंग लाइसेंस होगीरद्द
उन्होंने बताया कि बाइक चालक का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी को अनुशंसा भेजी जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह वीडियो शहर के किस इलाके का है और घटना किस समय की है।
ट्रैफिक नियमों परप्रशासन का साफ संदेश
पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में कोई भेदभाव नहीं होगा। चाहे आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी,सभी पर समान रूप से कानून लागू होगा। इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





