पटना में SVU की बड़ी कार्रवाई : टेंडर घोटाले से जुड़े हाईप्रोफाइल ठेकेदार रिशु श्री गिरफ्तार,कैश और नगद बरामद
पटना:टेंडर घोटाले से जुड़े हाईप्रोफाइल ठेकेदार रिशु श्री को विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने गिरफ्तार कर लिया है.पूछताछ के बाद हुई इस कार्रवाई से बिहार के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. जांच एजेंसियों के अनुसार रिशु श्री पर सरकारी टेंडरों में हेराफेरी, अधिकारियों को कमीशन पहुंचाने और करोड़ों की अवैध संपत्ति बनाने के गंभीर आरोप हैं.
68 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच करने की तैयारी में जुटी एजेंसी
बुधवार को पटना स्थित उसके ठिकानों पर छापेमारी के दौरान करीब दो करोड़ रुपये के सोना-हीरा, लाखों रुपये नगद और 61 सेल डीड के दस्तावेज बरामद किए गए. जांच एजेंसियां अब उसकी लगभग 68 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच करने की तैयारी में जुटी हैं. अधिकारियों का कहना है कि रिशु श्री सरकारी टेंडर मैनेज करने के बदले करीब 9 प्रतिशत तक कमीशन लेता था.
जांच में कई बड़े IAS और इंजीनियरों के नाम भी शामिल
जांच में कई बड़े IAS अधिकारियों और इंजीनियरों के नाम भी सामने आए हैं. आरोप है कि रिशु श्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ मिलकर टेंडर की शर्तें इस तरह तय करवाईं जिससे खास कंपनियों को फायदा पहुंचे. इसके बदले करोड़ों रुपये का अवैध लेन देन किया गया. ईडी और SVU की जांच में जल संसाधन विभाग, नगर विकास विभाग और भवन निर्माण विभाग के कई अफसर रडार पर बताए जा रहे हैं.
विपक्ष ने कीसीबीआई जांच की मांग
सूत्रों के मुताबिक, रिशु श्री से रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जा सकती है, ताकि पूरे टेंडर नेटवर्क और कथित IAS लॉबी के कनेक्शन का खुलासा हो सके. विपक्ष ने भी मामले की सीबीआई जांच की मांग तेज कर दी है. बिहार में यह मामला अब बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक घोटाले के रूप में देखा जा रहा है.





