Hindi News / दीघा तट पर कटाव से बढ़ी चिंता,प्रशासन अलर्ट

पटना में गंगा का जलस्तर बढ़ा : दीघा तट पर कटाव से बढ़ी चिंता,प्रशासन अलर्ट

Edited By:  |
patna mein ganga ka jalstar badha patna mein ganga ka jalstar badha

पटना: जिले में लगातार हो रही बारिश और मानसून की सक्रियता के बीच गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसका असर अब राजधानी के दीघा तट पर भी दिखाई देने लगा है। 93 नंबर घाट समेत कई स्थानों पर नदी के किनारे कटाव शुरू होने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है, लेकिन हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मोकामा घाट पर भी तेजी से कटाव

आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मोकामा के औंटा घाट और मोकामा घाट पर भी तेज कटाव देखा गया है। इन इलाकों में तट सुरक्षा और मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है ताकि नदी का कटाव आबादी वाले क्षेत्रों तक न पहुंचे। दीघा तट पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

गंगा पर पड़ रहाबढ़ते जलस्तर का असर

विशेषज्ञों का कहना है कि सोन नदी के बढ़ते जलस्तर का असर भी गंगा पर पड़ रहा है। यदि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की ओर से और अधिक पानी आता है, तो गंगा का जलस्तर और बढ़ सकता है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील

प्रशासन का कहना है कि अभी घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन नदी किनारे रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और जल संसाधन विभाग संयुक्त रूप से स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत और बचाव के कदम उठाए जा सकें।