पटना को जल्द मिलेगा तीन आधुनिक पार्कों की सौगात : कुल 4.76 करोड़ रुपये की लागत से होगा तैयार
पटना:राजधानी पटना के लोगों को जल्द ही तीन नए आधुनिक पार्कों की सौगात मिलने वाली है। बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) की ओर से मीठापुर, किदवईपुरी और पाटलिपुत्र क्षेत्र में कुल 4.76 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पार्क विकसित किए जाएंगे। परियोजना की योजना तैयार कर ली गई है और प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
तीनों पार्कों का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाना और लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इन पार्कों में बच्चों के लिए आधुनिक प्ले एरिया, मॉर्निंग वॉक के लिए पाथवे, योगा शेड, ओपन जिम, हाईमास्ट लाइट, आकर्षक लैंडस्केपिंग और बैठने की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सभी को लाभ मिलेगा।
सबसे बड़ा पार्क मीठापुर में पुराने बस स्टैंड के सामने न्यू बाइपास के दक्षिणी हिस्से में बनाया जाएगा। करीब 1.85 करोड़ रुपये की लागत वाले इस पार्क में तालाब, सेल्फी प्वाइंट, शौचालय, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और आकर्षक पेंटिंग जैसी सुविधाएं भी होंगी।
वहीं,वार्ड-25 स्थित किदवईपुरी पार्क का 1.67 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया जाएगा। यहां वाटर फाउंटेन, बच्चों के खेल उपकरण, योगा शेड, पाथवे और मिथिला पेंटिंग के जरिए सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
इसके अलावा पाटलिपुत्र अंचल के वार्ड-5 स्थित बैंक ऑफ इंडिया कॉलोनी में 1.22 करोड़ रुपये की लागत से नया पार्क विकसित किया जाएगा। यहां भी व्यायाम, मनोरंजन और सैर के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद राजधानी में हरित वातावरण को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को बेहतर मनोरंजन व स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिल सकेंगी।





