Hindi News / होटल मालिक का ड्राइवर गिरफ्तार,परीक्षा देने के लिए ठहरी थी युवती

पटना के होटल में छेड़खानी : होटल मालिक का ड्राइवर गिरफ्तार,परीक्षा देने के लिए ठहरी थी युवती

Edited By:  |
patna k hotel mein chatra se chedkhani patna k hotel mein chatra se chedkhani

पटना: जिले के रूपसपुर थाना क्षेत्र में एक होटल के अंदर परीक्षा देने आई छात्रा के साथ छेड़खानी की गंभीर घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार छात्रा अपने पिता के साथ पॉलिटेक्निक परीक्षा देने के लिए पटना आई थी और वे दोनों लॉ कॉलेज के पास स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे. अचानक हुई इस घटना ने पूरे होटल परिसर में अफरा-तफरी मचा दी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए.

छात्रा के कमरे में घुसकर छेड़खानी करने का आरोप

आरोप है कि देर रात होटल मालिक का ड्राइवर बिना अनुमति के छात्रा के कमरे में घुस गया. उसने छात्रा का हाथ पकड़कर उसे जबरन ले जाने की कोशिश की. इस दौरान छात्रा के पिता की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचाया. शोर सुनकर आस-पास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति बिगड़ने से बची. पिता ने तुरंत अपने परिचितों और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला का खुलासा हुआ.

सूचना मिलते ही रूपसपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही रूपसपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह किस उद्देश्य से कमरे में घुसा था और क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल थे. होटल के स्टाफ और प्रबंधन से भी विस्तृत पूछताछ की जा रही है.

होटल परिसर में कुछ कमरों में चल रहा था शराब पार्टी

पीड़िता के पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि होटल परिसर में कुछ कमरों में शराब पार्टी चल रही थी. पुलिस ने जब जांच के लिए कमरों की तलाशी ली तो कुछ संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं, जिसके बाद कई लोगों से पूछताछ की गई. कुछ लोग पुलिस को देखते ही मौके से भाग निकले.

पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. होटल की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के उल्लंघन की भी जांच की जा रही है. इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं.