पदयात्रा शिविर में गरजे प्रशांत किशोर : बोले- समाज जागेगा.... तभी व्यवस्था में होगा परिवर्तन

Edited By:  |
padyatra shivir me garje prashant kishor padyatra shivir me garje prashant kishor

पश्चिम चंपारण : इन दिनों चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर बिहार में जन सुराज पदयात्रा के द्वारा जगह जगह आम लोगों से रूबरू हो रहे हैं। इस दौरान उनकी समस्याओं को सुनकर उन्हें दूर करने का प्रयास करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। इसी बीच लोगों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समाज जागेगा, प्रयास करेगा तभी व्यवस्था परिवर्तन होगा।

पश्चिम चंपारण के मैनाटांड़ इलाके में एक शिविर में स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि देश जब आजाद हुआ तमिलनाडु बिहार से ज्यादा गरीब था। आज हमारे यहां के लड़के जाकर तमिलनाडु में मजदूरी कर रहे हैं, वहां कैसे व्यवस्था बदल गई। समाज जागेगा, प्रयास करेगा तभी व्यवस्था परिवर्तन होगा। इसी व्यवस्था परिवर्तन के लिए हम पदयात्रा में निकले हैं ।

आगे उन्होंने कहा कि सूबे के लोग परेशान हैं कि अगर जनता जाग गई तो कोई समीकरण नहीं बचेगा। इसी बीच CM नीतीश पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हमारे लड़के देश भर में मजदूरी कर रहे हैं और नेताजी कह रहे हैं कि बिहार में विकास हुआ है।

वहीँ स्थानीय लोगों से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में 13 करोड़ की आबादी में से 8 करोड़ आबादी ऐसी है जिसे दिन का 100 रुपया भी मुहैया नहीं होता है। यहां 3 करोड़ परिवार में से केवल 1250 से 1500 परिवार कर लोग ही सांसद या विधायक बन रहे हैं, दूसरे किसी को मौका नहीं मिलता।

उन्होंने बताया कि 20 वर्ष से वही परिवार राज कर रहा है, इनके अनुसार दूसरा कोई काबिल नहीं है। जो आदमी राजनीति में आना चाहता है जिसके अंदर बिहार में व्यवस्था परिवर्तन को लेकर जज़्बा है, वैसे लोग साधन या व्यवस्था के अभाव में पीछे न छूटे, यही हमारा प्रयास है।


Copy