BIHAR NEWS : 18 दिनों के आमरण अनशन के बाद PhD धारकों का लोकभवन मार्च, आर ब्लॉक पर पुलिस ने रोका, बैरिकेडिंग के सामने बढ़ा तनाव
Patna : पटना में पिछले 18 दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहेPhDडिग्रीधारक शनिवार को लोकभवन मार्च के लिए सड़क पर उतर गए. प्रदर्शनकारी वीर कुंवर सिंह पार्क से तिरंगा लेकर लोकभवन की ओर बढ़ रहे थे. आर ब्लॉक के पास पहले से तैनात पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया.
मार्च को रोकने के बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई. प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने के लिए बैरिकेडिंग पर चढ़ने का प्रयास किया,जबकि पुलिस उन्हें रोकने में जुटी रही. मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.
यह आंदोलन ऑल पीएचडी होल्डर्स एंड रिसर्च स्कॉलर्स एसोसिएशन ऑफ बिहार के नेतृत्व में चल रहा है. उच्च शिक्षा,युवाओं के रोजगार और शोधार्थियों के अकादमिक भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर छात्र और शोधार्थी गर्दनीबाग में लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. संगठन के संयोजक कुमुद पटेल भी आमरण अनशन पर डटे हुए हैं.
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति में यूजीसी रेगुलेशन लागू करना और उच्च शिक्षा से जुड़े अन्य मुद्दों पर सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग शामिल है.
आंदोलनकारियों का कहना है कि उनका संघर्ष केवल कुछ हजार पदों पर नियुक्ति तक सीमित नहीं है. उनका दावा है कि यह बिहार की उच्च शिक्षा व्यवस्था और शोधार्थियों के भविष्य से जुड़ा व्यापक मुद्दा है.
लोकभवन मार्च को देखते हुए आर ब्लॉक और आसपास के इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई. प्रदर्शनकारियों ने सरकार से उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





