नितिन नवीन की नई टीम में बिहार से तीन चेहरे : शिवेश राम और सिद्धार्थ शंभु का बढ़ा संगठनात्मक कद,ऋतुराज भी शामिल
पटना:बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है. नई टीम में बिहार से केवल तीन नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की बात सामने आई है. इसे बिहार बीजेपी के लिहाज से अहम संगठनात्मक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है.
नई राष्ट्रीय टीम में राज्यसभा सदस्य शिवेश राम,सिद्धार्थ शंभु और ऋतुराज सिन्हा को जगह मिली है. इनमें शिवेश राम और सिद्धार्थ शंभु को पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से उनका राजनीतिक और संगठनात्मक कद बढ़ा है.वहीं, ऋतुराज सिन्हा को भी राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है.
नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद माना जा रहा था कि बिहार से जुड़े नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में अपेक्षाकृत अधिक प्रतिनिधित्व मिल सकता है. हालांकि घोषित सूची में बिहार से तीन ही नेताओं को महत्वपूर्ण स्थान मिला है। इससे पार्टी के भीतर नए समीकरण और भविष्य की संगठनात्मक रणनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
खास बात यह है कि बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री मंगल पांडेय को इस बार राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली है। इससे पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में बिहार के प्रतिनिधित्व को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं.
शिवेश राम और सिद्धार्थ शंभु को मिली जिम्मेदारी को संगठन में नई पीढ़ी और नए चेहरों को आगे बढ़ाने की दिशा में भी देखा जा रहा है. वहीं ऋतुराज सिन्हा का राष्ट्रीय टीम में शामिल होना भी बिहार भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
नितिन नवीन की नई टीम में बिहार के सीमित प्रतिनिधित्व के बावजूद तीनों नेताओं को मिली जिम्मेदारी के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। आने वाले समय में इन नेताओं की भूमिका पार्टी के राष्ट्रीय संगठन और बिहार की राजनीति, दोनों स्तरों पर महत्वपूर्ण हो सकती है।





