BIHAR NEWS : माउंटेन मैन की पुण्यतिथि पर तेजस्वी यादव बोले- दशरथ मांझी का समाज के लिए रहा बहुत बड़ा योगदान
पटना : राष्ट्रीय जनता दल के राज्य कार्यालय के कर्पूरी सभागार में पर्वत पुरूष दशरथ मांझी जी की 19वीं पुण्यतिथि हजारों लोगों की उपस्थिति में मनायी गयी. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के दीपक कुमार मांझी ने की, जबकि संचालन मंटू मांझी ने की.

इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि दशरथ मांझी को हम सभी नमन करते हैं और उनके प्रति श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं. जो काम किसी ने नहीं किया वो काम दशरथ मांझी जी ने करके दिखा दिया और समाज के लिए मिसाल कायम की. आज जो भी लोग और पार्टी उनके नाम पर राजनीति करते हैं लेकिन उन्होंने उस समाज के भलाई के लिए कोई काम नहीं किया. भाजपा, जदयू और एनडीए के नेता अपने कर्तव्यों को भूल जाते हैं. दशरथ मांझी का योगदान समाज के लिए बहुत बड़ा रहा है. उन्होंने पहाड़ को काटकर रास्ता बनाकर यह दिखा दिया कि अगर करने का संकल्प हो तो उसे कोई रोक नहीं सकता है. उन्होंने कहा था कि ‘‘जब तक तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं’’ और उस संकल्प को पूरा किया.

उन्होंने आगे कहा कि लालू प्रसाद ने गरीब, वंचित, दलित और महादलित समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और उन्हें अपने हाथों से मुख्यमंत्री रहते हुए नहलाने, साफ-सुथरा रहने और समाज में मान-सम्मान से जीने की प्रेरणा दी. लालू जी के कार्यकाल में दलित समाज के लिए पटना में अपार्टमेंट बनाने के साथ हर गांव और शहर में पक्का मकान देने का काम किया. लालू ने हमेसा कहा है कि समाज में पढ़ाई, लिखाई आवश्यक है और इसके लिए सरकार में बैठे हुए लोगों को इस समाज के प्रति भेदभाव की नीति समाप्त करनी होगी. आज सत्ता के माध्यम से गरीब और दलित के साथ भेदभाव की नीति अपनाई जा रही है.

तेजस्वी ने आगे कहा कि लालू और राजद की ओर से दलित और गरीब को बसाने का काम किया जाता था, जबकि आज भाजपा और एनडीए की सरकार उजाड़ने का काम कर रही है. बिहार में गरीबों के साथ अन्याय करने वाली सरकार है और गरीबों के लिए शुद्ध पानी, भोजन जैसी आवश्यक चीजें भी सरकार की ओर से उपलब्ध नहीं कराई जा रही है. जहां गरीबों के लिए दवाई, कमाई और उनके भलाई के कार्य होने चाहिए वहां पर अन्याय हो रहा है. ऐसी अन्यायी सरकार को छोड़ने की नहीं बल्कि तोड़ने की आवश्यकता है, क्योकि दशरथ मांझी का संकल्प था कि जब तक तोड़ेंगे नहीं तब तक छोड़ेंगे नहीं. उन्होंने कहा कि जहां भी गरीबों और मुसहर समाज के लोगों के घरों पर बुलडोजर चलेगा वहां तेजस्वी उनके साथ खड़ा रहेगा. सरकार की नीति पहले बसाने की होनी चाहिए फिर तोड़ने की. उन्होंने दशरथ मांझी जी की आदमकद प्रतिमा पटना के किसी चैराहे पर लगाये जाने की मांग की और दशरथ मांझी जी के नाम पर आश्रम बनाने की मांग की. साथ हीं भारत सरकार से दशरथ मांझी जी के योगदान के लिए उन्हें भारत रत्न दिए जाने की भी मांग की.
प्रदेश राजद अध्यक्ष, मंगनी लाल मंडल ने कहा कि दशरथ मांझी जी के संकल्पों और कार्यो को सरजमींन पर उतारने की आवश्यकता है, क्योंकि दशरथ मांझी जी का संकल्प रहा है कि चाहे कितना भी ऊचां पर्वत क्यों ना हो उसको तोड़ने के लिए संकल्प चाहिए और उसको पूरा करने की इच्छा शक्ति होनी चाहिए.
एजाज अहमद ने बताया कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने उपस्थित पार्टी नेताओं जिनमें प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चैधरी, पूर्व मंत्री शिवचन्द्र राम, आलोक कुमार मेहता, कुमार सर्वजीत, समीर कुमार महासेठ, रणविजय साहू, गौतम कृष्ण, शक्ति सिंह यादव, समता देवी, एजाज अहमद, सारीका पासवान, निर्भय अम्बेडकर, नन्दू यादव, जेम्स यादव, दीपक मांझी, मंटु मांझी, सदन मोहन मांझी, लालू मांझी, राम लगन भूईया, दिलखुश मांझी, चन्देश्वर प्रसाद सिंह सहित उपस्थित नेताओं ने दशरथ मांझी जी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों और सकल्पों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.





